शाहपुर में पुलिस–बदमाश मुठभेड़, तेल चोर गिरोह का फरार सक्रिय सदस्य गोली लगने से घायल, अवैध असलहा बरामद
शाहपुर में पुलिस–बदमाश मुठभेड़, तेल चोर गिरोह का फरार सक्रिय सदस्य गोली लगने से घायल, अवैध असलहा बरामद
शाहपुर। थाना शाहपुर क्षेत्र में पुलिस और तेल चोर गिरोह के एक सक्रिय व फरार बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश के कब्जे से अवैध असलहा बरामद कर उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वाहनों से तेल चोरी करने वाले गिरोह का सक्रिय व वांछित सदस्य शहजाद पुत्र खलील, निवासी ग्राम शेखपुर खिचारा, थाना धौलाना, जनपद हापुड़, धनायन मार्ग पर गांव सोरम जाने वाली पुलिया के पास खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास किया।
पुलिस को देखते ही आरोपी गांव सोरम की ओर भागने लगा। पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे काबू में ले लिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि यह बदमाश तेल चोर गिरोह का वही फरार सदस्य था, जिसकी तलाश पुलिस को लंबे समय से थी। उल्लेखनीय है कि 1 दिसंबर 2025 को इसी तेल चोर गिरोह के साथ थाना शाहपुर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। उस समय यह आरोपी फरार हो गया था, जिसे आज की मुठभेड़ में दबोच लिया गया है।
घायल बदमाश के पास से एक अवैध असलहा बरामद किया गया है। उसे प्राथमिक उपचार के लिए तत्काल स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटा रही है तथा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में दहशत का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस की सक्रियता और सतर्कता की सराहना की है।











