
बजरंग दल पर अशोभनीय टिप्पणी करने वाला युवक गिरफ्तार, शाहपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई
बजरंग दल पर अशोभनीय टिप्पणी करने वाला युवक गिरफ्तार, शाहपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई
शाहपुर, 14 जून। सोशल मीडिया पर बजरंग दल के संबंध में अशोभनीय टिप्पणी करते हुए वीडियो साझा करने के मामले में थाना शाहपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 13 जून 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें एक युवक बजरंग दल के प्रति आपत्तिजनक एवं अशोभनीय टिप्पणी करता हुआ दिखाई दे रहा था। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच नाराजगी व्याप्त हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना शाहपुर पुलिस ने तत्काल वीडियो का संज्ञान लिया और जांच शुरू कर दी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर श्री संजय कुमार वर्मा के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री अक्षय संजय महाडीक, क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना श्री गजेन्द्र पाल सिंह एवं थाना प्रभारी शाहपुर श्री गजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान सुनिश्चित की। जांच के दौरान आरोपी की पहचान आकिल पुत्र साबिर निवासी ग्राम पलड़ी, थाना शाहपुर, जनपद मुजफ्फरनगर के रूप में हुई।
पुलिस द्वारा मामले में सुसंगत धाराओं के अंतर्गत मुकदमा अपराध संख्या 168/26, धारा 299, 352, 351(3) एवं 353(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत पंजीकृत किया गया। इसके बाद पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को ग्राम कुटबा के पास से गिरफ्तार कर लिया।
मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है तथा उसके विरुद्ध नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सोशल मीडिया पर किसी भी धर्म, संगठन अथवा समुदाय के खिलाफ भड़काऊ, आपत्तिजनक या अशोभनीय सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक आनन्द कुमार, मुख्य आरक्षी ललित कुमार तथा मुख्य आरक्षी सोनू कुमार शामिल रहे। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में चर्चा है तथा लोगों ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की तत्परता की सराहना की है।











