25 किलो डोडा पाउडर के साथ चार तस्कर गिरफ्तार, शाहपुर पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

25 किलो डोडा पाउडर के साथ चार तस्कर गिरफ्तार, शाहपुर पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा


शाहपुर। थाना शाहपुर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 25.33 किलोग्राम अवैध डोडा पाउडर के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त एक स्विफ्ट कार, एक पिट्ठू बैग तथा करीब दो लाख रुपये कीमत का मादक पदार्थ बरामद किया है। पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, 7 जून 2026 को थाना शाहपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के उद्देश्य से ग्राम खतौला मोड़ की तरफ आने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने ग्राम खतौला की ओर आने वाले संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान ग्राम माण्डी की ओर से एक कार आती दिखाई दी, जिसे पुलिस टीम ने जांच के लिए रुकने का इशारा किया।
पुलिस को देखकर कार सवार घबरा गए और वाहन मोड़कर भागने का प्रयास करने लगे। इस पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया और खतौला मोड़ के पास ग्राम कुटबा-कुटबी मार्ग पर घेराबंदी कर आवश्यक बल प्रयोग करते हुए कार को रोक लिया। तलाशी के दौरान वाहन से 25.33 किलोग्राम डोडा पाउडर बरामद हुआ।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान पवन पुत्र श्रीचंद उपसरिया निवासी सिखेड़ा, विपिन पुत्र बलजोत सिंह निवासी आदमपुर, अमित कुमार पुत्र हरी सिंह निवासी सावली तथा मनीष पुत्र अजीत निवासी आदमपुर के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने बरामद डोडा पाउडर राजस्थान के चित्तौड़गढ़ क्षेत्र में एक अज्ञात व्यक्ति से खरीदा था और उसे विभिन्न स्थानों पर राह चलते लोगों को बेचकर अवैध लाभ कमाते थे। आरोपियों ने बताया कि घटना वाले दिन भी वे इसी उद्देश्य से डोडा पाउडर बेचने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में पकड़ लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी पवन पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट और अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं अन्य गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई को थाना शाहपुर पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अभिषेक गुप्ता, उपनिरीक्षक अनिकेत धारीवाल, हेड कांस्टेबल प्रेमचंद, कांस्टेबल मोहम्मद आलीम, शिवम यादव, सोमवीर तथा चंद्रवीर शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles