मुठभेड़ में 15 हजार का इनामी बदमाश घायल, अवैध तमंचा व बाइक बरामद

मुठभेड़ में 15 हजार का इनामी बदमाश घायल, अवैध तमंचा व बाइक बरामद

शाहपुर। थाना शाहपुर पुलिस ने सोमवार देर शाम चेकिंग अभियान के दौरान एक शातिर वाहन चोर एवं 15 हजार रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार खतौली-शाहपुर मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर वह चांदपुर मार्ग की ओर तेजी से भागने लगा। कुछ दूरी पर उसकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई, जिसके बाद वह ईंख के खेत में घुस गया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।
पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर आरोपी को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उसने दोबारा फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान तैय्यब उर्फ छोटू पुत्र साबुद्दीन निवासी न्यू सीलमपुर, दिल्ली के रूप में हुई है। उसके पास से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार तैय्यब एक शातिर वाहन चोर है और थाना बुढाना में दर्ज एक संगीन मुकदमे में वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी के खिलाफ दिल्ली, गाजियाबाद, बिजनौर, हापुड़ और मुजफ्फरनगर में चोरी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसके विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles