श्री नामदेव जी महाराज का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया, प्रतिमा पर किया माल्यार्पण संत नामदेव जी की शिक्षाएं समाज को प्रेम, समानता और भाईचारे का देती हैं संदेश
श्री नामदेव जी महाराज का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया, प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
संत नामदेव जी की शिक्षाएं समाज को प्रेम, समानता और भाईचारे का देती हैं संदेश

शाहपुर, मुजफ्फरनगर। क्षेत्र के गांव पलड़ा स्थित सिद्धपीठ श्री एकांतेश्वर महादेव जुड्डी वाले शिव मंदिर में नामदेव समाज के तत्वावधान में श्री नामदेव जी महाराज का जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में स्थापित संत नामदेव जी महाराज की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर माल्यार्पण किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोगों ने भाग लेकर संत के आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।
नामदेव समाज के अध्यक्ष सोनू नामदेव ने कहा कि श्री नामदेव जी महाराज का जन्मोत्सव समाज के लिए श्रद्धा, आस्था और गौरव का पर्व है। संत नामदेव जी महाराज ने अपनी भक्ति, शिक्षाओं और विचारों के माध्यम से समाज को प्रेम, समानता, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया। उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में एकता, सेवा और परस्पर सहयोग की भावना को मजबूत किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि महापुरुषों के जन्मोत्सव जैसे आयोजन नई पीढ़ी को उनके विचारों और आदर्शों से जोड़ने के साथ-साथ सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल सभी अतिथियों और समाज के लोगों का आभार व्यक्त किया।
मंदिर समिति के संरक्षक राजीव गर्ग ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी पांच नवंबर को मंदिर परिसर में देवलोकगामी वीतराग संत श्री लक्ष्येश्वराश्रम जी महाराज का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।

इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन परमेश सैनी, डॉ. प्रदीप सिंह चौहान, सपा नेता डॉ. सत्येंद्र पाल, भाजपा नेता अरविंद पाल, पूर्व चेयरमैन राजेश सिंघल, प्रजापति समाज के अध्यक्ष मनोज प्रजापति, ग्राम पंचायत पलड़ी के प्रशासक मोनू सैनी, भाजपा नेत्री रूबी सैनी, देवेंद्र सैनी, पूर्व सभासद उमेश गोयल, नामित सभासद सावंत नामदेव सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और नामदेव समाज के लोग मौजूद रहे।











