
वाल्मीकि प्रकट दिवस पर सामाजिक कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह आयोजित गांव ढीकाना में वाल्मीकि सामुदायिक भवन का उद्घाटन, समाज की एकता और शिक्षा पर दिया जोर
वाल्मीकि प्रकट दिवस पर सामाजिक कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह आयोजित
गांव ढीकाना में वाल्मीकि सामुदायिक भवन का उद्घाटन, समाज की एकता और शिक्षा पर दिया जोर

बड़ौत, बागपत। क्षेत्र के गांव ढीकाना में वाल्मीकि प्रकट दिवस के अवसर पर सामाजिक कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भगवान वाल्मीकि के आदर्शों को याद करते हुए सामाजिक एकता, शिक्षा और संस्कारों को बढ़ावा देने का आह्वान किया गया। इस दौरान वाल्मीकि सामुदायिक भवन का उद्घाटन ग्राम प्रधान यशवीर सिंह ने किया, जबकि राजपाल सिंह ने वाल्मीकि मंदिर में ध्वजारोहण किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन सचिन शर्मा एवं पारूल चौधरी ने फीता काटकर किया। सांसद प्रतिनिधि वरुण तोमर ने भगवान वाल्मीकि के चरणों में पुष्प अर्पित कर नमन किया। कार्यक्रम संयोजक जसवीर सिंह ढीगिया ने मुख्य अतिथियों का माल्यार्पण एवं शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया। इस अवसर पर अतिथियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान जसवीर सिंह ने की तथा संचालन मास्टर शिवचरण ने किया।
अखिल भारतीय बाल्मीकि नवयुवक संघ के जिला अध्यक्ष अजय कुमार बहोत ने सामाजिक एवं संस्कारिक शिक्षा के साथ एकता पर बल दिया। सुरेंद्र रसीला एवं मास्टर राजपाल सिंह ने भजनों के माध्यम से भगवान वाल्मीकि की महिमा का गुणगान किया। सचिन ढीगिया और रमेश गहलोत ने कहा कि भगवान वाल्मीकि द्वारा रचित रामायण भारतीय संस्कृति, मर्यादा, कर्तव्यपरायणता, धर्म और सदाचार का संदेश देती है। बिजेंद्र सूद, सत्येंद्र सूद तथा श्याम बाबू ने समाज को संगठित करने और शिक्षित बनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में प्रोफेसर महेंद्र सिंह बेनीवाल, डॉ. धर्मवीर सिंह, रमेश गहलोत, प्रताप सौदाई, अनिल शर्मा, अजय कुमार एडीओ सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सामाजिक सद्भाव, शिक्षा और एकजुटता का संदेश देते हुए किया गया।











