
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय देवबंद दुवारा आयोजित दो दिवसीय अंतरमहाविद्यालयीय हैंडबॉल प्रतियोगिता संपन्न पुरुष वर्ग में विभिन्न महाविद्यालयों की टीमों ने दिखाया दमखम, महिला वर्ग में भी खिलाड़ियों ने किया शानदार प्रदर्शन
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय देवबंद दुवारा आयोजित दो दिवसीय अंतरमहाविद्यालयीय हैंडबॉल प्रतियोगिता संपन्न
पुरुष वर्ग में विभिन्न महाविद्यालयों की टीमों ने दिखाया दमखम, महिला वर्ग में भी खिलाड़ियों ने किया शानदार प्रदर्शन

मुज़फ्फरनगर। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय देवबंद दुवारा आयोजित मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय, सहारनपुर की दो दिवसीय अंतरमहाविद्यालयीय हैंडबॉल प्रतियोगिता का आयोजन चौधरी चरण सिंह स्टेडियम में उत्साह एवं खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न महाविद्यालयों की पुरुष एवं महिला टीमों ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला ओलंपिक एसोसिएशन मुजफ्फरनगर के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह यादव ने फीता काटकर किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर सुधीर पुंडीर, प्राचार्य एसडी कॉलेज मुजफ्फरनगर तथा अध्यक्षता कर रहे प्रोफेसर राजकुमार, सहारनपुर ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। आयोजन सचिव डॉ. भोपाल सिंह ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। अंतरराष्ट्रीय हैंडबॉल खिलाड़ी अजय पाल सिंह ने भी खिलाड़ियों को अपने अनुभव साझा करते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों की योग्यता एवं आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। निर्णायक मंडल की उपस्थिति में मुकाबले कराए गए। पुरुष वर्ग में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी-अपनी टीमों को जीत दिलाने के लिए पूरा दमखम लगाया। महिला वर्ग में भी खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के प्रथम दिवस की समाप्ति पर महाविद्यालय के प्राचार्य एवं आयोजन समिति ने खिलाड़ियों, निर्णायकों और टीम प्रबंधकों का आभार जताया। दूसरे दिन पुरुष वर्ग के मुकाबलों के बाद प्रतियोगिता का समापन हुआ। इस दौरान विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया तथा चयन प्रक्रिया के माध्यम से विश्वविद्यालय की टीम के लिए खिलाड़ियों का चयन भी किया गया।
आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उन्हें उच्च स्तर पर प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करती हैं।











