
प्रदेश स्तरीय कुराश प्रतियोगिता में अमरनायक स्पोर्ट्स एकेडमी के दो पहलवानों ने जीते स्वर्ण पदक नैतिक बालियान और शिवम बालियान की सफलता पर खेल प्रेमियों ने दी बधाई
प्रदेश स्तरीय कुराश प्रतियोगिता में अमरनायक स्पोर्ट्स एकेडमी के दो पहलवानों ने जीते स्वर्ण पदक
नैतिक बालियान और शिवम बालियान की सफलता पर खेल प्रेमियों ने दी बधाई

शाहपुर। अमरनायक स्वामी राहुल सिंह राष्ट्रीय इण्टर कालेज में संचालित स्पोर्ट्स एकेडमी के लिए गर्व का क्षण है। कॉलेज अध्यक्ष सतेन्द्र बालियान के नेतृत्व में संचालित कुश्ती केंद्र के दो प्रतिभाशाली पहलवानों ने सहारनपुर में आयोजित 18,19 व 20 सितम्बर तक तीन दिवसीय प्रदेश स्तरीय कुराश प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है। बरवाला निवासी नैतिक बालियान तथा कुटबी निवासी शिवम बालियान ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
दोनों खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के बल पर यह उपलब्धि हासिल की। उनकी सफलता से अमरनायक स्वामी राहुल सिंह स्पोर्ट्स एकेडमी में खुशी का माहौल है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर कॉलेज अध्यक्ष सतेन्द्र बालियान सहित खेल प्रेमियों, शिक्षकों और क्षेत्र के लोगों ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर कॉलेज अध्यक्ष सतेन्द्र बालियान ने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता उनकी मेहनत और लगन का परिणाम है। ग्रामीण क्षेत्र में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें उचित प्रशिक्षण, संसाधन और सही दिशा देने की है। उन्होंने कहा कि संस्था का प्रयास है कि क्षेत्र के युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित किया जाए और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराकर प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर दिए जाएं। उन्होंने दोनों स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अन्य खिलाड़ियों से भी उनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
एकेडमी में खिलाड़ियों को कोच प्रवीण बालियान के सानिध्य में नियमित प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कुश्ती एवं अन्य खेलों में खिलाड़ियों की तकनीक, फिटनेस, अनुशासन और मानसिक मजबूती पर विशेष ध्यान दिया जाता है। नैतिक बालियान और शिवम बालियान की सफलता को केंद्र में मिल रहे बेहतर मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और खेल सुविधाओं का परिणाम माना जा रहा है।
दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि से क्षेत्र के युवाओं में भी खेलों के प्रति उत्साह बढ़ा है। खेल प्रेमियों ने उम्मीद जताई कि दोनों खिलाड़ी आगामी प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र और जनपद का नाम रोशन करेंगे।











