
बरवाला में 45वीं राज्य शूटिंग बॉल चैंपियनशिप संपन्न, गाजियाबाद और मेरठ की टीमों ने जीती ट्रॉफी बालिका वर्ग में गाजियाबाद ने मुजफ्फरनगर और बालक वर्ग में मेरठ ने गाजियाबाद को हराया, विजेता टीमें मैनपुरी में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में लेंगी भाग
बरवाला में 45वीं राज्य शूटिंग बॉल चैंपियनशिप संपन्न, गाजियाबाद और मेरठ की टीमों ने जीती ट्रॉफी
बालिका वर्ग में गाजियाबाद ने मुजफ्फरनगर और बालक वर्ग में मेरठ ने गाजियाबाद को हराया, विजेता टीमें मैनपुरी में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में लेंगी भाग

शाहपुर, मुजफ्फरनगर। गांव बरवाला स्थित चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में बुधवार को शूटिंग बॉल एसोसिएशन मुजफ्फरनगर के तत्वावधान में 45वीं उत्तर प्रदेश राज्य शूटिंग बॉल चैंपियनशिप (जोन-1) के अंतर्गत जूनियर बालक एवं बालिका अंडर-19 वर्ग की एक दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न जनपदों से आई कुल 13 टीमों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग करते हुए खेल भावना और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

चैंपियनशिप का उद्घाटन शूटिंग बॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव जीत राज तोमर, जिला खेल प्रभारी भूपेंद्र सिंह यादव, शूटिंग बॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष सत्यवीर सिंह मलिक, पूर्व प्रधान धीरेंद्र सिंह तथा आयोजन अध्यक्ष ब्रजवीर सिंह बालियान सहित अन्य अतिथियों ने किया। इस दौरान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को शारीरिक और मानसिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया गया।
प्रतियोगिता में कई दौर के रोमांचक मुकाबले हुए। बालिका वर्ग के फाइनल में गाजियाबाद की टीम ने मुजफ्फरनगर की टीम को पराजित कर चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं बालक वर्ग में मेरठ की टीम ने गाजियाबाद को हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
शूटिंग बॉल एसोसिएशन के महासचिव पवन कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमें 24 और 25 अक्टूबर 2026 को मैनपुरी में आयोजित होने वाली 45वीं उत्तर प्रदेश राज्य शूटिंग बॉल चैंपियनशिप (अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग) में प्रतिभाग करेंगी।
समापन अवसर पर प्रवेंद्र दहिया, डॉ. संजीव बरवाला, सुनील कुमार, फतेह सिंह, मास्टर सुरेश कुमार, रूपेश कुमार, अतुल तोमर, शिव कुमार त्यागी, दीपक पंवार, अर्पित सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे। महासचिव पवन कुमार ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया।











