
अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह-2026 का भव्य शुभारंभ, 21 जून को चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगा मुख्य आयोजन
अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह-2026 का भव्य शुभारंभ, 21 जून को चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगा मुख्य आयोजन

मुजफ्फरनगर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में 15 जून से 21 जून तक आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह का सोमवार को कमला नेहरू वाटिका में भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण के निर्देशन में आयुष विभाग द्वारा किया गया। इस वर्ष योग सप्ताह की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” निर्धारित की गई है, जिसके अंतर्गत जन-जागरूकता के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल तथा नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. इसमपाल ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए योग सप्ताह की रूपरेखा प्रस्तुत की। डॉ. राजीव कुमार द्वारा उपस्थित लोगों को योग के प्रति जागरूक करने के लिए फ्लायर्स एवं ब्रोशर वितरित किए गए तथा अधिक से अधिक लोगों से योग सप्ताह में सहभागिता की अपील की गई।
योग सप्ताह के शुभारंभ अवसर पर प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न सरल योगासन एवं ध्यान क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। वहीं नन्ही योग साधक आराध्या ने संगीतमय प्रस्तुति के साथ विभिन्न योग मुद्राओं का आकर्षक प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों की खूब सराहना प्राप्त की।
अपने संबोधन में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से अनेक असाध्य रोगों से बचाव संभव है। उन्होंने कहा कि भारतीय ऋषि-मुनियों की दीर्घायु और स्वस्थ जीवन का रहस्य योग एवं ध्यान की परंपरा में निहित है। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप ने भी अपने व्यक्तिगत जीवन में योग से प्राप्त लाभों का उल्लेख करते हुए नागरिकों से योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. इसमपाल ने जानकारी दी कि 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को प्रातः 7 बजे से चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम, मेरठ रोड, मुजफ्फरनगर में जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम के समापन पर “हर घर योगा, हर घर होगा” के नारे के साथ योग जागरूकता मार्च निकाला गया। जिला पंचायत अध्यक्ष एवं नगर पालिका अध्यक्ष ने हरी झंडी दिखाकर मार्च को रवाना किया। अधिकारियों, कर्मचारियों, योग प्रशिक्षकों एवं जागरूक नागरिकों ने मीनाक्षी चौक तक मार्च निकालकर योग के प्रति जन-जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में पतंजलि योगपीठ के प्रविंद्र बालियान, आर्ट ऑफ लिविंग की सोनिया लूथरा, सीमा सिंह, रुचिका, अनघ सिंघल, निधि सहित अनेक योग साधकों का सहयोग रहा। अंत में डॉ. इसमपाल ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। योग सप्ताह शुभारंभ समारोह में आयुष विभाग का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।











