
यूपीटीजीटी अंग्रेजी परीक्षा पुनः कराने की मांग को मिला उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ का समर्थन ⋅
यूपीटीजीटी अंग्रेजी परीक्षा पुनः कराने की मांग को मिला उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ का समर्थन
⋅
शाहपुर । कस्बे के मंगला पुरी मंडी स्थित एक्सपर्ट एकेडमी में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में यूपीटीजीटी अंग्रेजी 2026 परीक्षा में बड़ी संख्या में पाठ्यक्रम से बाहर प्रश्न पूछे जाने के मुद्दे पर चर्चा की गई। बैठक में मिलियन माइंड्स इंग्लिश के संस्थापक योगेश चौहान, प्रबंधक प्रवीन्द कुमार तथा अन्य सहयोगियों ने भाग लिया और परीक्षा को निरस्त कर पुनः आयोजित कराने के लिए चलाए जा रहे अभियान की आगामी रणनीति पर विचार-विमर्श किया।
बैठक के उपरांत प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. उमेश त्यागी से मुलाकात कर परीक्षा को निरस्त कर पुनः आयोजित कराने की मांग के समर्थन में शिक्षक संघ का सहयोग मांगा। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें अवगत कराया कि यूपीटीजीटी अंग्रेजी 2026 परीक्षा में लगभग 37 प्रश्न निर्धारित पाठ्यक्रम से बाहर पूछे गए हैं, जिससे हजारों अभ्यर्थियों के साथ अन्याय हुआ है तथा उनके भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. उमेश त्यागी ने अभ्यर्थियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ सभी प्रतियोगी अभ्यर्थियों के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में बड़ी संख्या में पाठ्यक्रम से बाहर प्रश्न पूछना छात्रों के भविष्य के साथ गंभीर खिलवाड़ है। यदि वास्तव में 37 प्रश्न पाठ्यक्रम से बाहर पूछे गए हैं तो यह अत्यंत गंभीर विषय है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
डॉ. त्यागी ने घोषणा की कि 16 जून को प्रस्तावित ज्ञापन कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ भी अभ्यर्थियों के साथ शामिल होगा और उनकी न्यायोचित मांगों का पूर्ण समर्थन करेगा। उन्होंने सरकार एवं संबंधित चयन संस्था से मांग की कि अभ्यर्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए परीक्षा को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए तथा निष्पक्ष, पारदर्शी और पाठ्यक्रम आधारित पुनः परीक्षा आयोजित कराई जाए, जिससे सभी अभ्यर्थियों को समान अवसर प्राप्त हो सकें।
बैठक में उपस्थित मिलियन माइंड्स इंग्लिश की टीम के सदस्यों ने भी परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं और अभ्यर्थियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया तथा न्यायपूर्ण कार्रवाई की मांग की। अंत में प्रबंधक प्रवीन्द कुमार ने डॉ. उमेश त्यागी एवं उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ का अभ्यर्थियों के समर्थन और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।











