हरसौली चौकी के पास दो कारों की आमने-सामने भीषण भिड़ंत, युवक की मौत, छह घायल बारात में शामिल होने जा रहे बुढ़ाना के युवकों की कार सामने से आ रही स्विफ्ट से टकराई, अस्पताल में तोड़ा दम

हरसौली चौकी के पास दो कारों की आमने-सामने भीषण भिड़ंत, युवक की मौत, छह घायल

बारात में शामिल होने जा रहे बुढ़ाना के युवकों की कार सामने से आ रही स्विफ्ट से टकराई, अस्पताल में तोड़ा दम

शाहपुर। थाना शाहपुर क्षेत्र के हरसौली पुलिस चौकी के निकट मुजफ्फरनगर-बड़ौत मार्ग पर बुधवार को दो कारों की आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि छह अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि दोनों कारों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकलवाकर अस्पताल भिजवाया।

जानकारी के अनुसार बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के भारत टॉकीज के पास मोहल्ला मंडी निवासी अरबाज की बारात बुधवार को मुजफ्फरनगर जा रही थी। बारात में शामिल होने के लिए दूल्हे के चचेरे भाई अंजर और अयान के अलावा शाहरुख, अमन, शाहबाज तथा तैय्यब वैगनआर कार में सवार होकर जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार हरसौली पुलिस चौकी के निकट शिव मंदिर के पास एक कोल्हू के समीप पहुंची तो सामने से आ रही स्विफ्ट कार से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई।

हादसे में वैगनआर सवार सभी छह युवक तथा स्विफ्ट कार में सवार बागपत जनपद के गांव मलकपुर निवासी रूपक गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया कि रूपक तितावी थाना क्षेत्र के गांव काजीखेड़ा से अपनी रिश्तेदारी में मिलने के बाद वापस अपने गांव लौट रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे। कारों में फंसे घायलों को बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी गई।

गंभीर रूप से घायल बुढ़ाना निवासी शाहरुख, अयान और अंजर को मौके से ही जिला अस्पताल भेजा गया, जबकि अमन, शाहबाज, तैय्यब और रूपक को शाहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने 23 वर्षीय अंजर को मृत घोषित कर दिया। वहीं सीएचसी शाहपुर में भर्ती चारों घायलों की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें भी जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया गया कि स्विफ्ट कार नई होने के कारण टक्कर लगते ही उसके एयरबैग खुल गए, जिससे उसमें सवार रूपक की जान बच गई।

थाने के एक्सीडेंट प्रभारी अमित कुमार शर्मा ने बताया कि दुर्घटना में अंजर की जिला अस्पताल में मौत हो गई है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उधर, पुलिस ने मृतक अंजर के शव को जिला अस्पताल से पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया था। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार करते हुए शव अपने साथ ले लिया। पोस्टमार्टम हाउस पर तैनात पुलिसकर्मी ने इसकी सूचना थाने को दी तो पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। इसके बाद थानाध्यक्ष गजेंद्र सिंह भारी पुलिस बल के साथ हरसौली पुलिस चौकी पहुंचे। वहां उन्होंने बुढ़ाना से पहुंचे गणमान्य लोगों और परिजनों से बातचीत की तथा शव वापस सौंपकर कानूनी प्रक्रिया पूरी कराने की अपील की। पुलिस और गणमान्य लोगों के समझाने पर परिजन सहमत हो गए और शव पुलिस को सौंप दिया। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles