
कमालपुर में सड़क निर्माण में मिली अनियमितता, विधायक ने किया निरीक्षण ग्रामीणों की शिकायत पर मौके पर पहुंचे राजपाल सिंह बालियान, अवर अभियंता और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश
कमालपुर में सड़क निर्माण में मिली अनियमितता, विधायक ने किया निरीक्षण
ग्रामीणों की शिकायत पर मौके पर पहुंचे राजपाल सिंह बालियान, अवर अभियंता और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश

शाहपुर।क्षेत्र के गांव कमालपुर में लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) द्वारा कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य में अनियमितता की शिकायत मिलने पर मंगलवार को क्षेत्रीय विधायक राजपाल सिंह बालियान ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों की शिकायत सही पाए जाने पर विधायक ने विभागीय अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताते हुए अवर अभियंता और संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने मामले से विभाग के उच्च अधिकारियों को भी अवगत कराया है।
जानकारी के अनुसार गांव कमालपुर में पूर्व प्रधान कैलाश सैनी के बाग से करीब एक किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण क्षेत्रीय विधायक राजपाल सिंह बालियान के प्रस्ताव पर लोक निर्माण विभाग द्वारा कराया जा रहा है। ग्रामीणों ने विधायक को शिकायत करते हुए बताया था कि सड़क निर्माण में ठेकेदार द्वारा भारी अनियमितताएं बरती जा रही हैं। निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं कराया जा रहा है तथा गुणवत्ता का भी ध्यान नहीं रखा जा रहा है।
ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विधायक मंगलवार को गांव पहुंचे और ग्रामीणों के साथ निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद विधायक ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा की गई शिकायत सही पाई गई है। सड़क निर्माण में मानकों के अनुरूप सामग्री का प्रयोग नहीं किया जा रहा है। इसके अलावा सड़क बनाने से पहले मिट्टी की सफाई तक नहीं कराई जा रही है, जो निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।
विधायक ने बताया कि उक्त सड़क फरवरी माह में ही स्वीकृत हो गई थी और इसका टेंडर भी जारी कर दिया गया था, लेकिन ठेकेदार की लापरवाही के चलते करीब आठ माह बाद निर्माण कार्य शुरू कराया गया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की निगरानी करने वाले विभागीय अवर अभियंता की भूमिका में भी लापरवाही सामने आई है।
राजपाल सिंह बालियान ने बताया कि इस संबंध में विभाग के उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। वह लखनऊ पहुंचकर संबंधित अधिकारियों से अवर अभियंता और ठेकेदार के खिलाफ लिखित शिकायत कर कार्रवाई की मांग करेंगे, ताकि सड़क का निर्माण निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुसार कराया जा सके।
इस दौरान अनिल सैनी, नीरज सैनी, ब्रह्म कश्यप, राजपाल सैनी, धन्नी कश्यप, मदन कश्यप और पवन सैनी सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।











