
बालिकाओं ने लिया बाल विवाह मुक्त भारत बनाने का संकल्प केजीबीवी शाहपुर में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में डॉ. राजीव कुमार ने बाल विवाह के दुष्परिणामों और कानूनी प्रावधानों की दी जानकारी
बालिकाओं ने लिया बाल विवाह मुक्त भारत बनाने का संकल्प
केजीबीवी शाहपुर में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में डॉ. राजीव कुमार ने बाल विवाह के दुष्परिणामों और कानूनी प्रावधानों की दी जानकारी
शाहपुर।बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से समाप्त करने और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार 25 नवंबर को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) शाहपुर में ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान के अंतर्गत जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार के निर्देशन में आयोजित हुआ। इसमें बालिकाओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों और इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्य डॉ. राजीव कुमार ने छात्राओं को संबोधित करते हुए बताया कि बाल विवाह बच्चों के अधिकारों का हनन करने के साथ ही उनके शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास में बाधा उत्पन्न करता है। कम उम्र में विवाह होने से विशेषकर बालिकाओं की शिक्षा प्रभावित होती है और उनका भविष्य अंधकारमय हो सकता है। कम उम्र में गर्भधारण से उनके स्वास्थ्य पर भी गंभीर दुष्प्रभाव पड़ते हैं।
डॉ. राजीव कुमार ने बालिकाओं को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम-2006 के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि भारत में विवाह के लिए लड़की की न्यूनतम कानूनी आयु 18 वर्ष तथा लड़के की 21 वर्ष निर्धारित है। निर्धारित आयु से पहले विवाह कराना, उसमें सहयोग करना अथवा उसे बढ़ावा देना कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध दो वर्ष तक के कठोर कारावास और एक लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा वर्ष 2030 तक देश से बाल विवाह की प्रथा को पूरी तरह समाप्त करने के उद्देश्य से बाल विवाह मुक्त भारत अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का लक्ष्य बालिकाओं को शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान के साथ आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना है।
इस दौरान बालिकाओं को जागरूक करते हुए बताया गया कि यदि आसपास कहीं बाल विवाह होने की जानकारी मिलती है तो तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 अथवा महिला हेल्पलाइन नंबर 181 पर सूचना देकर इस सामाजिक बुराई को रोकने में सहयोग किया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने सामूहिक रूप से शपथ लेते हुए संकल्प लिया कि वे स्वयं बाल विवाह के खिलाफ जागरूक रहेंगी और अपने परिवार एवं समाज के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करेंगी। बालिकाओं ने एक स्वर में नारा लगाया, “हम सबका एक ही नारा, बाल विवाह मुक्त हो भारत हमारा।”
कार्यक्रम के सफल आयोजन में केजीबीवी शाहपुर की वार्डन एवं विद्यालय स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











