
बाल दिवस पर राजकीय सम्प्रेक्षण गृह में भव्य समारोह, किशोरों ने चित्रकला और गायन से दिखाई प्रतिभा महापुरुषों के चित्र बनाकर और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियों से मोहा मन, प्रबंधन समिति सदस्य डॉ. राजीव कुमार ने उपहार भेंटकर किया हुनरमंद किशोरों का उत्साहवर्धन, संस्था प्रभारी व स्टाफ को भी किया सम्मानित
बाल दिवस पर राजकीय सम्प्रेक्षण गृह में भव्य समारोह, किशोरों ने चित्रकला और गायन से दिखाई प्रतिभा
महापुरुषों के चित्र बनाकर और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियों से मोहा मन, प्रबंधन समिति सदस्य डॉ. राजीव कुमार ने उपहार भेंटकर किया हुनरमंद किशोरों का उत्साहवर्धन, संस्था प्रभारी व स्टाफ को भी किया सम्मानित

मुजफ्फरनगर। बाल दिवस के अवसर पर शनिवार, 14 नवंबर को उत्तर प्रदेश शासन एवं महिला कल्याण विभाग की निदेशक के निर्देशों के क्रम में राजकीय सम्प्रेक्षण गृह (किशोर), मुजफ्फरनगर में भव्य समारोह एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आवासित किशोरों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया। समारोह में किशोरों के सर्वांगीण विकास, रचनात्मक क्षमता और सकारात्मक सोच की झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम के दौरान किशोरों ने चित्रकला एवं गायन प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। उन्होंने विभिन्न महापुरुषों के आकर्षक एवं सुंदर चित्र बनाकर अपनी कला का प्रदर्शन किया। वहीं देशभक्ति और सोशल मीडिया जैसे विषयों पर मनमोहक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। किशोरों की कलात्मक अभिव्यक्ति और आत्मविश्वास ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।
समारोह के अतिथि एवं प्रबंधन समिति के सदस्य डॉ. राजीव कुमार ने प्रतिभागी किशोरों की सराहना करते हुए उन्हें बाल दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने हुनरमंद एवं सकारात्मक सोच रखने वाले किशोरों को उपहार भेंटकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। जरूरत है उसे पहचानकर उचित मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देने की।
इस अवसर पर भव्य कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए डॉ. राजीव कुमार ने संस्था प्रभारी मोहित कुमार, संगीत शिक्षक शारिक हुसैन, शारीरिक शिक्षक राकेश कुमार तथा स्टाफ सदस्य प्रदीप कुमार, विपिन कुमार, सुरजीत सिंह सहित अन्य कर्मचारियों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम का सुंदर संचालन संगीत शिक्षक शारिक हुसैन एवं शारीरिक शिक्षक राकेश कुमार ने किया। समारोह की अध्यक्षता संस्था प्रभारी मोहित कुमार ने की। अंत में उन्होंने बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।











