गोवर्धन पूजा पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, अन्नकूट प्रसाद का हुआ वितरण श्री लक्ष्येश्वराश्रम गोलोक धाम गौशाला में गाय के गोबर से बनाया गया विशाल गोवर्धन, श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर की गौसेवा
गोवर्धन पूजा पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, अन्नकूट प्रसाद का हुआ वितरण
श्री लक्ष्येश्वराश्रम गोलोक धाम गौशाला में गाय के गोबर से बनाया गया विशाल गोवर्धन, श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर की गौसेवा

शाहपुर। कस्बे एवं ग्रामीण क्षेत्रों में गोवर्धन पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों पर गोवर्धन पूजा का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण, गोवर्धन पर्वत और गौमाता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। विभिन्न स्थानों पर भगवान श्रीकृष्ण को अन्नकूट का भोग लगाकर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

कस्बे में श्री लक्ष्येश्वराश्रम गोलोक धाम समिति के तत्वावधान में श्री लक्ष्येश्वराश्रम गोलोक धाम गौशाला में भव्य गोवर्धन पूजा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान गाय के गोबर से विशाल गोवर्धन पर्वत की आकर्षक आकृति बनाई गई। कार्यक्रम में समाजसेवी अरविंद पाल, उमेश मित्तल एवं ऋषभ सिंघल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विद्वान पंडित विजय पाल शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान श्रीकृष्ण, गोवर्धन पर्वत एवं गौमाता की पूजा-अर्चना संपन्न कराई।

इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण को विभिन्न प्रकार के पकवानों से तैयार अन्नकूट का भोग लगाया गया तथा उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। श्रद्धालुओं ने गौशाला में गायों की सेवा कर धर्मलाभ भी उठाया। कार्यक्रम में समिति के विजय बंसल, संजय कुमार, अनुज अग्रवाल, अमन सैनी,राजू,आरएसएस के नगर कार्यवाह संदीप बंसल, विपिन बंसल, ब्रह्म सिंह, अनमोल बंसल, अमन सैनी, ऋषिपाल सैनी एडवोकेट एवं राहुल कश्यप सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।
इसके अलावा क्षेत्र के गांव सोरम, गोयला, काकड़ा, रसूलपुर जाटान, गढ़ी बहादुरपुर, पलड़ी, चांदपुर, धनायन एवं दुल्हेरा सहित विभिन्न गांवों में भी गोवर्धन पूजा का पर्व पारंपरिक रीति-रिवाजों और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस दौरान धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया।











