रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दोस्त गंभीर घायल किनौनी गेट के आगे मुर्गी फार्म के पास हुआ हादसा, छह भाई-बहनों में सबसे छोटा था मृतक मोनिश; परिवार में मचा कोहराम शाहपुर। मुजफ्फरनगर मार्ग पर सोमवार

रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दोस्त गंभीर घायल

किनौनी गेट के आगे मुर्गी फार्म के पास हुआ हादसा, छह भाई-बहनों में सबसे छोटा था मृतक मोनिश; परिवार में मचा कोहराम

शाहपुर। मुजफ्फरनगर मार्ग पर सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त रोडवेज बस को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव सांझक निवासी 18 वर्षीय मोनिश पुत्र मुर्तजा अपने गांव के ही दोस्त निखिल पुत्र नरेश के साथ बाइक पर सवार होकर मुजफ्फरनगर की ओर से आ रहा था। जैसे ही दोनों मुजफ्फरनगर मार्ग पर किनौनी गेट से आगे मुर्गी फार्म के निकट पहुंचे, तभी सामने से आ रही रोडवेज बस ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक बाइक समेत सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से जिला चिकित्सालय भिजवाया। वहां चिकित्सकों ने मोनिश को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल निखिल का उपचार जारी है।

मोनिश की मौत की खबर गांव सांझक पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के चाचा आवेश ने बताया कि मोनिश छह भाई-बहनों में सबसे छोटा था और मुजफ्फरनगर शहर में काम करता था। परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं, लेकिन हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।

उधर, पुलिस ने दुर्घटना में शामिल रोडवेज बस को कब्जे में ले लिया है। मामले के जांच अधिकारी उपनिरीक्षक अरुण ने बताया कि घटना के संबंध में तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles