युवाओं को भारतीय संस्कृति और धर्म से जोड़ने की जरूरत : स्वामी अच्युतानंद तीर्थ कथावाचकों को अपनी वाणी पर रखना चाहिए संयम, सोशल मीडिया का नकारात्मक प्रभाव युवाओं के लिए चिंताजन
युवाओं को भारतीय संस्कृति और धर्म से जोड़ने की जरूरत : स्वामी अच्युतानंद तीर्थ
कथावाचकों को अपनी वाणी पर रखना चाहिए संयम, सोशल मीडिया का नकारात्मक प्रभाव युवाओं के लिए चिंताजन

शाहपुर। भूमा निकेतन हरिद्वार के पीठाधीश्वर स्वामी श्री अच्युतानंद तीर्थ जी महाराज ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं का पाश्चात्य संस्कृति की ओर बढ़ता रुझान चिंताजनक है। इसके चलते युवा अपनी भारतीय संस्कृति और परंपराओं को भूलकर धीरे-धीरे धर्म से विमुख होते जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से भारतीय संस्कृति, संस्कारों और धार्मिक परंपराओं को अपनाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने कहा कि कथावाचकों को अपनी वाणी पर संयम रखना चाहिए। जिस कथावाचक की वाणी में संयम नहीं है, वह सच्चे अर्थों में कथावाचक नहीं हो सकता।
क्षेत्र के गांव पलड़ा स्थित श्री एकांतेश्वर महादेव सिद्ध पीठ जुड्ड़ी वाले मंदिर में बृहस्पतिवार को देवलोकगामी वीतराग संत 1008 श्री लक्ष्येश्वराश्रम जी महाराज की मूर्ति के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे स्वामी अच्युतानंद तीर्थ जी महाराज का कस्बे में समाजसेवी विनय गोयल के आवास पर पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं और गणमान्य लोगों को धर्म, संस्कृति एवं संस्कारों का महत्व बताया।
स्वामी जी महाराज ने कहा कि बच्चों को संस्कारवान बनाने की जिम्मेदारी सबसे पहले परिवार की होती है। माता-पिता को बचपन से ही अपने बच्चों को धर्म, समाज और भारतीय संस्कृति से जोड़ना चाहिए, ताकि उनमें अच्छे संस्कार विकसित हों और वे समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझ सकें। उन्होंने सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज सोशल मीडिया पर अनेक नकारात्मक और भ्रामक सामग्री दिखाई जा रही है, जिसका युवाओं के मानसिक एवं सामाजिक जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इससे युवा अपने लक्ष्य और संस्कारों से भटक रहे हैं। उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया के अनावश्यक इस्तेमाल से बचने तथा सकारात्मक गतिविधियों में समय लगाने की अपील की।

उन्होंने बताया कि उनके आश्रम के माध्यम से एक कॉलेज संचालित किया जा रहा है, जहां विद्यार्थियों को संस्कारयुक्त शिक्षा प्रदान की जाती है। इतना ही नहीं, कॉलेज में कार्यरत अध्यापक एवं अध्यापिकाओं के लिए भी भारतीय वेशभूषा को ड्रेस कोड के रूप में अपनाया गया है, ताकि शिक्षा के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं को भी बढ़ावा मिल सके।
कथावाचकों की भूमिका पर विचार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि कथा के माध्यम से समाज को धर्म और सदाचार का संदेश मिलना चाहिए। कथावाचकों को किसी भी प्रकार की अमर्यादित टिप्पणी से बचना चाहिए और अपनी वाणी में शालीनता एवं संयम बनाए रखना चाहिए।
इस अवसर पर अजय गोयल, विजय गोयल, मोहित गोयल, पूर्व चेयरमैन राजेश सिंघल, समाजसेवी अरविंद पाल, उमेश मित्तल, विजय बंसल, राजीव गर्ग, अतुल सिंघल बंटी, विनीत गर्ग सहित दर्जनों श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।











