
बुढ़ाना क्षेत्र के विद्युत उपकेंद्रों की क्षमता वृद्धि की मांग, ऊर्जा मंत्री से मिला प्रतिनिधिमंडल
बुढ़ाना क्षेत्र के विद्युत उपकेंद्रों की क्षमता वृद्धि की मांग, ऊर्जा मंत्री से मिला प्रतिनिधिमंडल
शाहपुर/लखनऊ। बुढ़ाना विधानसभा क्षेत्र में लगातार बढ़ रही बिजली कटौती तथा बढ़े हुए विद्युत भार के कारण आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित होने के मामले को लेकर राष्ट्रीय लोकदल के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा से मुलाकात कर क्षेत्र के विद्युत उपकेंद्रों की क्षमता वृद्धि की मांग उठाई।

पूर्व मंत्री चौधरी योगराज सिंह के प्रयासों से हुए इस प्रतिनिधिमंडल में कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, सांसद चंदन चौहान, विधायक अजय तोमर तथा रालोद मंडल अध्यक्ष प्रभात तोमर शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने ऊर्जा मंत्री को पत्र सौंपते हुए बुढ़ाना विधानसभा क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर रायसिंह, शाहडब्बर एवं शौरम स्थित 33/11 विद्युत उपकेंद्रों की क्षमता बढ़ाए जाने की मांग की।
जनप्रतिनिधियों ने बताया कि क्षेत्र में लगातार बढ़ते उपभोक्ताओं एवं विद्युत भार के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में लो-वोल्टेज, बार-बार ट्रिपिंग तथा बिजली कटौती की समस्या बढ़ रही है। गर्मी के मौसम में किसानों, व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि उपकेंद्रों की क्षमता वृद्धि होने से विद्युत आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी तथा क्षेत्रवासियों को राहत मिलेगी।
ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर देखते हुए जल्द ही विद्युत उपकेंद्रों की क्षमता वृद्धि की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी।
इस आश्वासन के बाद क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।











