
महिला व 10 वर्षीय बच्चे को ले जाने का आरोप, एसएसपी से बरामदगी की मांग पुलिस पर कार्रवाई में देरी का आरोप, स्वामी यशवीर महाराज ने दी आंदोलन की चेतावनी; शिकायत के बाद एस एस पी ऑफिस ने पीड़ित पक्ष से ली जानकारी शाहपुर
महिला व 10 वर्षीय बच्चे को ले जाने का आरोप, एसएसपी से बरामदगी की मांग
पुलिस पर कार्रवाई में देरी का आरोप, स्वामी यशवीर महाराज ने दी आंदोलन की चेतावनी; शिकायत के बाद एस एस पी ऑफिस ने पीड़ित पक्ष से ली जानकारी
शाहपुर। थाना क्षेत्र के एक गांव से एक महिला और उसके 10 वर्षीय बच्चे को सहारनपुर निवासी दूसरे समुदाय के एक युवक द्वारा अपने साथ ले जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से महिला और बच्चे की बरामदगी की मांग की है। पुलिस पर मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए बघरा योग साधना केंद्र के पीठाधीश्वर स्वामी यशवीर महाराज ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा से मामले का संज्ञान लेकर महिला और बच्चे को जल्द बरामद कराने तथा आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
बताया गया कि थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने ग्रामीणों के साथ स्वामी यशवीर महाराज से मुलाकात कर पूरे प्रकरण से अवगत कराया। पीड़ित के अनुसार सहारनपुर जनपद निवासी एक युवक से उसकी मित्रता थी और इसी कारण उसका घर पर आना-जाना था। आरोप है कि इसी परिचय का फायदा उठाकर उक्त युवक 24 अगस्त को उसकी पत्नी और 10 वर्षीय पुत्र को अपने साथ ले गया।
पीड़ित का कहना है कि घटना की जानकारी होने के बाद उसने पुलिस से संपर्क कर महिला और बच्चे को बरामद कराने की मांग की, लेकिन उसके अनुसार तत्काल कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद पीड़ित और ग्रामीणों ने स्वामी यशवीर महाराज से मुलाकात की।
स्वामी यशवीर महाराज ने मामले को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए एसएसपी से परिवार को न्याय दिलाने, महिला और बच्चे को शीघ्र बरामद कर परिजनों को सौंपने तथा मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द महिला और उसका पुत्र बरामद नहीं किए गए तथा आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए तो आंदोलन किया जाएगा।
ग्रामीणों के अनुसार स्वामी यशवीर महाराज की चेतावनी और पीड़ित पक्ष से मुलाकात के बाद पुलिस हरकत में आई। एसएसपी कार्यालय से ग्रामीणों के मोबाइल फोन पर संपर्क कर घटना की जानकारी ली गई। वहीं, थाना पुलिस ने भी पीड़ित और ग्रामीणों को पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई से अवगत कराया तथा थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि परिवार दुवारा दी गई सूचना पर गुमशुदगी दर्ज है महिला और बच्चे को शीघ्र बरामद कर लिया जाएगा।
पुलिस की ओर से मामले की जांच और महिला व बच्चे की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।











