बलिदानी मनोज बालियान मेमोरियल वॉलीबॉल टूर्नामेंट में रोमांचक मुकाबले, चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचीं शाहपुर। क्षेत्र के गांव कुटबी में आयोजित तीन दिवसीय बलिदानी मनोज बालियान मेमोरियल वॉलीबॉल टूर्नामेंट के तीसरे दिन
बलिदानी मनोज बालियान मेमोरियल वॉलीबॉल टूर्नामेंट में रोमांचक मुकाबले, चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचीं

शाहपुर। क्षेत्र के गांव कुटबी में आयोजित तीन दिवसीय बलिदानी मनोज बालियान मेमोरियल वॉलीबॉल टूर्नामेंट के तीसरे दिन खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। प्रतियोगिता में बुधवार को कई लीग मैच आयोजित किए गए, जिनमें खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रदर्शन कर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। लीग मैचों के समापन के बाद आजमगढ़, रेड आर्मी, लखनऊ और गुरुग्राम की टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करने में सफल रहीं। सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले देर रात तक आयोजित किए जाएंगे।

प्रतियोगिता के तीसरे दिन मुख्य अतिथि भारतीय रेलवे के वॉलीबॉल कोच कप्तान सिंह रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में सफलता हासिल करने के लिए अनुशासन, नियमित अभ्यास और कड़ी मेहनत बेहद जरूरी है। खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ते हुए अपना बेहतर कैरियर बनाने का प्रयास करना चाहिए।

प्रतियोगिता के आयोजक गौरव बालियान और सनसपाल बालियान ने बताया कि बुधवार को पहला लीग मैच गुरुग्राम और करनावल की टीमों के बीच खेला गया। इसमें गुरुग्राम की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए करनावल को लगातार दो सेटों में 25-23 और 25-23 के अंतर से पराजित किया।

दूसरा मुकाबला रेड आर्मी और गुरुग्राम की टीमों के बीच हुआ। तीन सेटों तक चले इस रोमांचक मुकाबले में रेड आर्मी ने 25-20, 27-29 और 25-21 के अंतर से जीत दर्ज की। वहीं तीसरे लीग मैच में आजमगढ़ और कैथल की टीमें आमने-सामने रहीं। इसमें आजमगढ़ की टीम ने 25-20, 27-29 और 25-21 के अंतर से मुकाबला अपने नाम किया।

आयोजकों ने बताया कि लीग मुकाबलों के आधार पर आजमगढ़, रेड आर्मी, लखनऊ और गुरुग्राम की टीमें सेमीफाइनल में पहुंची हैं। चारों टीमों के बीच सेमीफाइनल मुकाबलों के बाद फाइनल मैच खेला जाएगा।
प्रतियोगिता को सफल बनाने में राजन कुमार, सोहनवीर सिंह, सोनू बालियान, अजय कुमार, लक्ष्य बालियान, विपुल बालियान और राजवीर सिंह सहित अनेक लोग सहयोग कर रहे हैं।











