तीरंदाज सिमरन चौधरी का खेल कोटे से यूपी पुलिस में कांस्टेबल पद पर चयन, गांव में भव्य सम्मान मुस्लिम समाज से यूपी पुलिस में चयनित होने वाली गांव की पहली बेटी बनी सिमरन, विधायक राजपाल बालियान ने कहा- बेटियों की सफलता क्षेत्र के लिए गर्व की बात
तीरंदाज सिमरन चौधरी का खेल कोटे से यूपी पुलिस में कांस्टेबल पद पर चयन, गांव में भव्य सम्मान
मुस्लिम समाज से यूपी पुलिस में चयनित होने वाली गांव की पहली बेटी बनी सिमरन, विधायक राजपाल बालियान ने कहा- बेटियों की सफलता क्षेत्र के लिए गर्व की बात

शाहपुर। क्षेत्र के गांव कसेरवा निवासी प्रतिभाशाली तीरंदाजी खिलाड़ी सिमरन चौधरी का खेल कोटे से उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल के पद पर चयन होने पर मंगलवार को गांव में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से सिमरन का जोरदार स्वागत करते हुए उनकी उपलब्धि पर खुशी जाहिर की। सिमरन की इस सफलता से गांव और क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। वह गांव के मुस्लिम समाज से उत्तर प्रदेश पुलिस में चयनित होने वाली पहली बेटी हैं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रालोद विधानमंडल दल के नेता एवं क्षेत्रीय विधायक राजपाल सिंह बालियान ने कहा कि गांव कसेरवा की बेटी सिमरन चौधरी का खेल कोटे से यूपी पुलिस में चयन होना गांव और क्षेत्रवासियों के लिए गर्व की बात है। इस बेटी ने अपनी प्रतिभा, लगन और मेहनत के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि सिमरन की सफलता क्षेत्र के अन्य बालक-बालिकाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए अनेक सुविधाएं उपलब्ध करा रही है तथा खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में अवसर देकर सम्मानित किया जा रहा है।

विधायक ने कहा कि रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह भी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए अपनी सांसद निधि से खेल सुविधाओं के विकास के कार्य करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रालोद भारत रत्न स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की विचारधारा पर चलने वाली पार्टी है। क्षेत्र में बिना किसी भेदभाव के समान रूप से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। ग्रामीणों की मांग पर गांव सोरम से कसेरवा जाने वाले मार्ग के निर्माण कार्य को भी स्वीकृत कराया गया है।
जिला तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष एवं रघुवंशी आर्चरी अकादमी के संचालक विपिन बालियान ने बताया कि सिमरन चौधरी उनकी अकादमी की होनहार खिलाड़ी रही हैं। उन्होंने तीरंदाजी में अपनी प्रतिभा के दम पर अनेक पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे अपने बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों से भी जोड़ें, ताकि उनकी प्रतिभा को निखारकर खेलों में बेहतर भविष्य बनाया जा सके।

समाजसेवी डॉ. लोकेंद्र बालियान ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियां आज खेलों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। सिमरन ने यूपी पुलिस में चयनित होकर साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प, लगन और मेहनत से बेटियां किसी भी मुकाम को हासिल कर सकती हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता चौधरी मुजम्मिल ने की तथा संचालन मास्टर शराफत अली ने किया। इस अवसर पर खिलाड़ी के पिता लुकमान अली, पूर्व प्रधान मोहम्मद नूरुद्दीन, अली मोहम्मद, ताहिर हसन, शौकत अली, रालोद जिला सचिव जुनैद चौधरी, अख्तर हसन, आबिद चौधरी, डॉ. हारून अली, बलकेश बालियान सहित दर्जनों ग्रामीण एवं खिलाड़ी मौजूद रहे।











