राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का भव्य सम्मान, अमरनायक स्वामी राहुल सिंह राष्ट्रीय इण्टर कालेज के खिलाड़ियों ने लहराया परचम, स्वर्ण और कांस्य पदक जीतकर खिलाड़ियों ने बढ़ाया कॉलेज और क्षेत्र का गौरव, कॉलेज अध्यक्ष सतेंद्र बालियान ने कोच सहित खिलाड़ियों को 25 हजार रुपये व ट्रॉफी देकर किया सम्मानित।
राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का भव्य सम्मान,
अमरनायक स्वामी राहुल सिंह राष्ट्रीय इण्टर कालेज के खिलाड़ियों ने लहराया परचम,
स्वर्ण और कांस्य पदक जीतकर खिलाड़ियों ने बढ़ाया कॉलेज और क्षेत्र का गौरव, कॉलेज अध्यक्ष सतेंद्र बालियान ने कोच सहित खिलाड़ियों को 25 हजार रुपये व ट्रॉफी देकर किया सम्मानित।

शाहपुर। अमर नायक स्वामी राहुल सिंह राष्ट्रीय इंटर कॉलेज शाहपुर के खिलाड़ियों ने विद्यालयी राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण और कांस्य पदक जीतकर कॉलेज ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया। राष्ट्रीय स्तर पर यह उपलब्धि हासिल कर लौटे पहलवान शेखर बालियान और उनके कुश्ती कोच परवीन बालियान का कॉलेज परिसर में भव्य स्वागत समारोह आयोजित कर सम्मानित किया गया। कॉलेज अध्यक्ष, प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने दोनों खिलाड़ियों का फूल-मालाओं से स्वागत करते हुए नकद पुरस्कार और ट्रॉफी प्रदान की। समारोह में क्षेत्र के हजारों लोग मौजूद रहे।नैतिक बालियान अस्वस्थ होने के कारण समारोह में नही आया।


कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के पूर्व अध्यक्ष अमर नायक स्वामी राहुल सिंह की प्रतिमा पर अतिथियों द्वारा माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुआ। समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री मुकेश चौधरी ने कहा कि स्वामी राहुल सिंह ने कॉलेज को लेकर जो सपना देखा था, उसे वर्तमान कॉलेज अध्यक्ष सतेंद्र बालियान के नेतृत्व में आगे बढ़ाया जा रहा है। दोनों खिलाड़ियों ने पदक जीतकर विद्यालय और क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कॉलेज में हुए विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सरकारी विद्यालय में शिक्षा और खेलों को बढ़ावा देने के लिए जिस तरह के प्रयास किए जा रहे हैं, वे बेमिसाल हैं। उन्होंने शेखर और नैतिक को पांच-पांच हजार रुपये पुरस्कार तथा कॉलेज के विकास के लिए प्रबंधन समिति को 51 हजार रुपये की धनराशि प्रदान की।

कॉलेज अध्यक्ष सतेंद्र बालियान ने कहा कि वर्ष 1949 में स्थापित इस कॉलेज ने एक दौर ऐसा भी देखा, जब छात्र संख्या घटकर लगभग 300 रह गई थी और कॉलेज बंद होने की कगार पर पहुंच गया था। उस समय क्षेत्र के लोगों ने उनके बड़े भाई स्वामी राहुल सिंह को कॉलेज की जिम्मेदारी सौंपी थी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से किए वादे को पूरा करते हुए छात्र-छात्राओं के प्रवेश बढ़वाए और संख्या लगभग दो हजार तक पहुंचाई। वर्तमान में भी कॉलेज में 1800 से अधिक छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सुरक्षित वातावरण, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना कॉलेज प्रबंधन की प्राथमिकता है। स्वामी राहुल सिंह ने क्षेत्र के विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा के लिए डिग्री कॉलेज के निर्माण में भी अहम योगदान दिया। इसके साथ ही कॉलेज परिसर में भारत सरकार द्वारा संचालित खेलो इंडिया के साई सेंटर की स्थापना कराई गई। उन्होंने बताया कि अब तक कॉलेज के 70 से अधिक खिलाड़ी खेल कोटे से पदक हासिल कर सरकारी नौकरियां प्राप्त कर चुके हैं। जनपद और प्रदेश स्तर पर उपलब्धि हासिल करने वाले विद्यार्थियों को आगे भी सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने डॉ. संजीव बालियान और रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी का आभार जताते हुए कहा कि उनके सहयोग से कॉलेज परिसर में कुश्ती हॉल सहित अन्य भवनों का निर्माण संभव हो सका है।

इस अवसर पर कॉलेज अध्यक्ष सतेंद्र बालियान ने पदक विजेता शेखर बालियान और सहित कुश्ती कोच परवीन बालियान को 25 हजार रुपये की नकद धनराशि और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।नैतिक बालियान अस्वस्थ होने के कारण समारोह में नही पहुँच पाया।

समारोह में चौधरी सौदान सिंह थाम्बेदार हरसोली, नरेश बालियान रसूलपुर, जिला पंचायत सदस्य अमर कासिम, विकास शर्मा, राफे खां, तितावी शुगर मिल के चेयरमैन भोले शंकर, डायरेक्टर विशेष बालियान, विनोद पहलवान और ब्रह्मजीत सिंह ने भी विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन कुश्ती कोच जितेंद्र सिंह ने किया, जबकि अध्यक्षता वीरेंद्र लाटियान और कय्यूम चचा ने संयुक्त रूप से की।

इस दौरान आजाद सिंह पहलवान, मांगेराम पहलवान, अरुण सिंघल, डॉ. लोकेंद्र बालियान, प्रवीण कुमार, कॉलेज प्रबंधन से चमन सिंह, पुष्पेंद्र प्रधान, सतेंद्र प्रधान, विपिन बालियान, वीरेंद्र सिंह, नीटू दूल्हेरा, नरेंद्र सिंह, संजीव शर्मा, सुरेश प्रधान सहित हजारों क्षेत्रवासी मौजूद रहे।











