
अर्जुन अवार्डी एवं ओलंपिक पदक विजेता एथलीट प्रीति पाल को किया सम्मानित एशियन गेम्स में 100 और 200 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतकर बढ़ाया मुजफ्फरनगर का गौरव, 2028 ओलंपिक के लिए दी शुभकामनाएं
अर्जुन अवार्डी एवं ओलंपिक पदक विजेता एथलीट प्रीति पाल को किया सम्मानित
एशियन गेम्स में 100 और 200 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतकर बढ़ाया मुजफ्फरनगर का गौरव, 2028 ओलंपिक के लिए दी शुभकामनाएं
मुजफ्फरनगर। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाकर मुजफ्फरनगर का नाम विश्व पटल पर चमकाने वाली अर्जुन अवार्डी एवं ओलंपिक पदक विजेता एथलीट प्रीति पाल को जिला प्रशासन एवं जिला खेल कार्यालय की ओर से सम्मानित किया गया। जापान में आयोजित वर्ष 2026 के एशियन गेम्स में 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतकर स्वदेश लौटीं प्रीति पाल को उनके गांव हाशिमपुरा पहुंचकर सम्मानित किया गया। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशन में प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी भूपेंद्र सिंह ने प्रीति पाल को पटका पहनाकर, प्रतीक चिह्न और बुके भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान अधिकारियों एवं खेल प्रशिक्षकों ने उनकी उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रीति पाल ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर जिले का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता से क्षेत्र के युवाओं और उभरते खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
प्रीति पाल ने एशियन गेम्स में 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ में रजत पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। उनकी इस उपलब्धि को जिले के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए उपस्थित लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर उपक्रीड़ा अधिकारी सुश्री पूनम बिश्नोई सहित चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम के प्रशिक्षक मनीष कुमार, प्रदीप कुमार, सुशील कुमार, रेणु कुमारी, भावना और राकेश कुमार आदि मौजूद रहे। सभी ने प्रीति पाल को बधाई देते हुए वर्ष 2028 में लॉस एंजेलिस में होने वाले ओलंपिक खेलों में पदक जीतने के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रीति पाल की उपलब्धियों से जिले के खेल जगत में उत्साह है। लोगों को उम्मीद है कि वह भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर देश और जिले का नाम रोशन करेंगी।











