हत्या के मामले में वांछित आरोपी मुठभेड़ में घायल, तमंचा बरामद मुजफ्फरनगर। थाना कोतवाली नगर पुलिस और एसओजी देहात

हत्या के मामले में वांछित आरोपी मुठभेड़ में घायल, तमंचा बरामद


मुजफ्फरनगर। थाना कोतवाली नगर पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने पिन्ना गांव के पास हुई हत्या के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद करने का दावा किया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर को थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के पिन्ना गांव के निकट शामली रोड पर ग्राम किनौनी निवासी सुभाष पुत्र रणवीर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया था। घटना के खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया था। मामले में पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने नामजद आरोपी बंटी उर्फ राहुल को 16 सितंबर को लकड़संधा फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार कर लिया था, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी थी।
पुलिस के मुताबिक 23/24 सितंबर की रात मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या के मामले में वांछित एक आरोपी बुुढ़ाना-शाहपुर मार्ग से कहीं भागने की फिराक में है। सूचना पर कोतवाली नगर पुलिस और एसओजी देहात की टीम ने चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान एक व्यक्ति पुलिस टीम को आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह वापस मुड़कर तेज कदमों से जंगल की ओर जाने लगा। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो आरोपी ने कथित रूप से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और जंगल की ओर भागने लगा।
पुलिस का कहना है कि आरोपी की फायरिंग से टीम बाल-बाल बची। आत्मसमर्पण की चेतावनी के बाद भी फायरिंग जारी रहने पर पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी घायल हो गया। घायल आरोपी की पहचान शुभम उर्फ हरिओम पुत्र सत्येंद्र निवासी ग्राम किनौनी, थाना शाहपुर के रूप में हुई। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के मुकदमे के साथ-साथ मुठभेड़ और शस्त्र अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार आरोपी का विस्तृत आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक मिलन चौधरी, धीरेन्द्र प्रताप, एसओजी देहात प्रभारी मोहित चौधरी सहित कोतवाली नगर और एसओजी देहात के पुलिसकर्मी शामिल रहे।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles