
दिनदहाड़े गोली मारकर सुभाष की हत्या, गांव किनौनी में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार प्रेम प्रसंग से जुड़ी पुरानी रंजिश में वारदात की आशंका, एसएसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर खुलासे के लिए गठित कीं पुलिस टीमें
दिनदहाड़े गोली मारकर सुभाष की हत्या, गांव किनौनी में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार
प्रेम प्रसंग से जुड़ी पुरानी रंजिश में वारदात की आशंका, एसएसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर खुलासे के लिए गठित कीं पुलिस टीमें




शाहपुर। जनपद मुजफ्फरनगर के थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में शामली रोड स्थित ग्राम पिन्ना के पास मंगलवार को दिनदहाड़े गोली मारकर घायल किए गए शाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम किनौनी निवासी सुभाष पुत्र रणवीर की उपचार के दौरान मौत हो गई। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना से ग्राम किनौनी सहित आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। देर शाम पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव गांव किनौनी पहुंचा, जहां गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। सुरक्षा की दृष्टि से गांव में भारी पुलिस फोर्स तैनात रहा।
पुलिस के अनुसार मंगलवार 15 सितंबर को सुबह करीब 10:15 बजे थाना कोतवाली नगर पुलिस को सूचना मिली कि शामली रोड पर ग्राम पिन्ना के पास किनौनी निवासी सुभाष को गोली मार दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल सुभाष को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी।
घटना की जानकारी मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा भी पुलिस अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एसएसपी ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा पुलिस अधिकारियों से घटना के संबंध में जानकारी लेते हुए जल्द से जल्द वारदात का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग से जुड़ी पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक कुछ दिन पूर्व ग्राम किनौनी का एक युवक और युवती प्रेम प्रसंग के चलते घर से चले गए थे। बाद में पुलिस ने युवती को सकुशल बरामद कर लिया था और युवक के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की गई थी। प्रथम दृष्टया पुलिस को आशंका है कि इसी मामले को लेकर चली आ रही रंजिश के चलते युवक के पिता सुभाष को निशाना बनाया गया हो सकता है। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के वास्तविक कारण और घटना में शामिल आरोपियों की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।












