
शाहपुर में अवैध शस्त्र बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़, सात गिरफ्तार 16 बने और अधबने अवैध शस्त्र, कारतूस व हथियार बनाने के उपकरण बरामद
शाहपुर में अवैध शस्त्र बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़, सात गिरफ्तार
16 बने और अधबने अवैध शस्त्र, कारतूस व हथियार बनाने के उपकरण बरामद
शाहपुर। थाना शाहपुर पुलिस ने अवैध शस्त्र निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम तावली रजवाहे के पास डेयरी के पीछे संचालित कथित अवैध शस्त्र निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से सात आरोपितों को गिरफ्तार करते हुए बड़ी संख्या में बने-अधबने अवैध शस्त्र, कारतूस, हथियार बनाने के उपकरण और एक मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार आरोपित सुनसान स्थान पर अवैध हथियार व कारतूस तैयार कर आसपास के गांवों तथा अन्य स्थानों पर बिक्री करते थे।
पुलिस के अनुसार 23 सितंबर की शाम थाना शाहपुर पुलिस चौकी हरसौली क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तावली रजवाहे के पास डेयरी के पीछे कुछ लोग अवैध शस्त्र बनाने का काम कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश देकर सात आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गुल्लू उर्फ इदरीश निवासी प्रेमनगर एलम, शामली, कय्यूम निवासी हुसैनपुर कलां, हाल निवासी मदीना कॉलोनी मुजफ्फरनगर, शाहनवाज व आबिद निवासी तिसंग, खालिद निवासी खांजापुर, अरशद निवासी इस्लामनगर खतौली तथा बाबू उर्फ इलियास निवासी सरधना, मेरठ के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से छह तमंचे 315 बोर, दो डबल बैरल तमंचे 315 बोर, दो तमंचे 12 बोर, एक मस्कट 12 बोर और एक बंदूक 12 बोर बरामद की है। इसके अलावा एक अधबना तमंचा .32 बोर तथा तीन अधबने तमंचे 315 बोर भी बरामद किए गए। पुलिस ने 50 जिंदा कारतूस 315 बोर, 10 जिंदा कारतूस 12 बोर और 26 खोखा कारतूस 315 बोर के साथ 24 बुलेट निब भी बरामद किए हैं।
इसके साथ ही हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, तमंचों के पार्ट्स, हैमर, ट्रिगर आदि, 500 ग्राम गंधक, 500 ग्राम पोटास तथा अन्य सामग्री बरामद होने की बात पुलिस ने कही है। मौके से एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।
पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपितों ने बताया कि वे सभी आपस में मिलकर अवैध हथियार और कारतूस तैयार करते थे। पुलिस के मुताबिक शाहनवाज और आबिद तैयार हथियारों को ग्राहकों तक पहुंचाने का काम करते थे, जबकि अरशद और खालिद कारतूस तैयार करते थे। बाबू उर्फ इलियास खोखे तैयार करता था तथा गुल्लू उर्फ इदरीश और कय्यूम तमंचे बनाने का काम करते थे।
पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0 273/2026, धारा 5/25/35 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों में गुल्लू उर्फ इदरीश, कय्यूम और शाहनवाज के विरुद्ध पूर्व में भी विभिन्न आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
इस कार्रवाई पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने शाहपुर पुलिस टीम को 20 हजार रुपये के पुरस्कार से पुरस्कृत किया। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष गजेन्द्र सिंह के साथ उपनिरीक्षक विकास कुमार, राहुल कुमार, विशाल यादव सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।











