तहसील स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में पहलवानों ने दिखाया दमखम, चयनित खिलाड़ी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में लेंगे भाग
तहसील स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में पहलवानों ने दिखाया दमखम, चयनित खिलाड़ी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में लेंगे भाग
शाहपुर। अमरनायक स्वामी राहुल सिंह राष्ट्रीय इंटर कॉलेज स्थित चौधरी चरण सिंह कुश्ती हाल में गुरुवार को विद्यालयी तहसील स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन कॉलेज अध्यक्ष सतेंद्र बालियान ने फीता काटकर किया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे पहलवानों ने अलग-अलग भार वर्गों में दमखम दिखाया और शानदार प्रदर्शन किया।
कॉलेज अध्यक्ष सतेंद्र बालियान ने कहा कि कुश्ती भारत की प्राचीन खेल परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभावान खिलाड़ियों की कमी नहीं है, जरूरत है तो उन्हें उचित प्रशिक्षण और बेहतर मंच उपलब्ध कराने की। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से विद्यार्थी शारीरिक रूप से मजबूत होने के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और संघर्ष की भावना भी सीखते हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने और नियमित अभ्यास के माध्यम से अपने प्रदर्शन को बेहतर बनाने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता के 14 वर्षीय आयु वर्ग में 35 किलोग्राम भार वर्ग में आरव, 48 किलोग्राम में महेश, 52 किलोग्राम में लव, 57 किलोग्राम में शेखर बालियान, 68 किलोग्राम में शौर्य तथा 75 किलोग्राम में नैतिक बालियान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा 45 किलोग्राम में अर्णव, 48 किलोग्राम में अनस, 51 किलोग्राम में फैसल, 55 किलोग्राम में बोबी, 60 किलोग्राम में रुद्र बालियान, 65 किलोग्राम में केशव, 71 किलोग्राम में हर्ष दांगी, 80 किलोग्राम में शिवम बालियान, 92 किलोग्राम में सक्षम पंवार तथा 110 किलोग्राम में आदित्य ने भी अपने-अपने मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया।
19 वर्षीय ग्रेको-रोमन वर्ग में 55 किलोग्राम भार वर्ग में तुसार, 60 किलोग्राम में आयुष, 63 किलोग्राम में आकाश, 67 किलोग्राम में अक्षय, 72 किलोग्राम में वीर, 77 किलोग्राम में ओजस बालियान, 82 किलोग्राम में नैतिक कुमार, 87 किलोग्राम में वंश बावरा तथा 130 किलोग्राम भार वर्ग में कृष्ण ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित सभी खिलाड़ी अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। जिला स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन 22 अगस्त को अमरनायक स्वामी राहुल सिंह राष्ट्रीय इंटर कॉलेज के परिसर में ही किया जाएगा। तहसील स्तर पर चयनित पहलवानों के लिए यह प्रतियोगिता अपनी प्रतिभा को और बड़े स्तर पर साबित करने का महत्वपूर्ण अवसर होगी।
इस अवसर पर प्रबंधक चमन सिंह, प्रधानाचार्य डॉ. त्रिवेंद्र कुमार, व्यायाम अध्यापक अरुण कुमार बालियान, कुश्ती कोच प्रवीण कुमार, मास्टर सुनील कुमार, प्रधान लिपिक योगेंद्र सिंह, तहसील प्रभारी राकेश सरोहा सहित रेफरी प्रदीप बालियान और रामबीर सिंह मौजूद रहे।