
मुजफ्फरनगर की जूनियर कबड्डी टीम ने जीती प्रदेश स्तरीय चैंपियनशिप फाइनल में शामली को छह अंकों से हराकर हासिल किया प्रथम स्थान
मुजफ्फरनगर की जूनियर कबड्डी टीम ने जीती प्रदेश स्तरीय चैंपियनशिप
फाइनल में शामली को छह अंकों से हराकर हासिल किया प्रथम स्थान

शाहपुर। जनपद मुजफ्फरनगर की जूनियर बालक कबड्डी टीम ने शिकोहाबाद में आयोजित 50वीं जूनियर बालक जोन-ए ओपन स्टेट कबड्डी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया। फाइनल मुकाबले में मुजफ्फरनगर की टीम ने शामली जनपद की टीम को छह अंकों के अंतर से पराजित कर चैंपियनशिप अपने नाम की।

जिला ओलंपिक संघ के सह सचिव मास्टर रामपाल सिंह ने बताया कि शिकोहाबाद स्थित आदर्श कृष्ण महाविद्यालय में छह और सात सितंबर को दो दिवसीय 50वीं जूनियर बालक जोन-ए ओपन स्टेट कबड्डी चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में मुजफ्फरनगर की टीम को मथुरा और बरेली जनपद की टीमों के साथ पूल-ए में रखा गया था। मुजफ्फरनगर की टीम ने पूल के दोनों मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की और क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मुजफ्फरनगर की टीम का सामना बिजनौर की टीम से हुआ। रोमांचक मुकाबले में मुजफ्फरनगर के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए 27 अंक अर्जित किए और बिजनौर की टीम को पांच अंकों से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
सेमीफाइनल में मुजफ्फरनगर की भिड़ंत मेजबान फिरोजाबाद जनपद की टीम से हुई। इस मुकाबले में मुजफ्फरनगर के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा। एकतरफा रहे मुकाबले में मुजफ्फरनगर की टीम ने 37 अंक हासिल किए, जबकि फिरोजाबाद की टीम 15 अंक ही बना सकी। इस तरह मुजफ्फरनगर ने 22 अंकों के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल मुकाबला मुजफ्फरनगर और शामली जनपद की टीमों के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जीत के लिए जोरदार संघर्ष किया, लेकिन मुजफ्फरनगर के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 34 अंक हासिल किए। इसके मुकाबले शामली की टीम 28 अंक ही बना सकी। मुजफ्फरनगर ने छह अंकों से जीत दर्ज कर प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया।
मुजफ्फरनगर की टीम के कोच प्रो कबड्डी खिलाड़ी राहुल बालियान तथा मैनेजर सन्नी रेलवे रहे। टीम की इस उपलब्धि पर जिला ओलंपिक संघ के चेयरमैन अशोक बालियान, सत्येंद्र प्रधान, ग्राम प्रधान करणवीर सिंह, पूर्व प्रधान सुधीर चौधरी, जिला तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष विपिन बालियान, चौधरी देशपाल सिंह, जितेंद्र बालियान और नीरज कुमार सहित अन्य खेलप्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए टीम के सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।











