मेजर ध्यानचंद की जयंती पर वरिष्ठ खिलाड़ियों को किया सम्मानित राष्ट्रीय खेल दिवस पर जनपद स्तरीय खेल उत्सव में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, डीएवी हॉकी एकेडमी बनी विजेता

मेजर ध्यानचंद की जयंती पर वरिष्ठ खिलाड़ियों को किया सम्मानित
राष्ट्रीय खेल दिवस पर जनपद स्तरीय खेल उत्सव में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, डीएवी हॉकी एकेडमी बनी विजेता


मुजफ्फरनगर। हॉकी के जादूगर एवं महान भारतीय खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के उपलक्ष्य में जिला खेल कार्यालय द्वारा विभिन्न जनपद स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आयोजित खेल उत्सव में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस दौरान मेजर ध्यानचंद को श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया गया।


राष्ट्रीय खेल दिवस के मुख्य अतिथि नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर रहे। प्रभारी क्रीड़ाधिकारी भूपेंद्र सिंह ने पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में नगर मजिस्ट्रेट ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेलों में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने उपस्थित खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं अन्य लोगों को फिट इंडिया की शपथ भी दिलाई।
डीएवी पीजी कॉलेज मुजफ्फरनगर के खेल मैदान में आयोजित हॉकी प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों के बाद डीएवी हॉकी एकेडमी की टीम ने विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि स्टेडियम टीम उपविजेता रही। प्रतियोगिता का संचालन उप क्रीड़ाधिकारी पूनम बिश्नोई एवं डॉ. राजीव कुमार द्वारा किया गया। विजेता एवं उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय स्तर पर जनपद का नाम रोशन करने वाली 20 बालिका खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स किट एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने बालिका खिलाड़ियों को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और जनपद का गौरव बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर खेल उत्सव का आयोजन ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ की थीम के साथ किया गया। कार्यक्रम में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं खेल प्रेमियों में खासा उत्साह रहा। वक्ताओं ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का भी विकास करते हैं।
आयोजन को सफल बनाने में जिला खेल कार्यालय के स्टाफ, खेल प्रशिक्षकों एवं अन्य कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। डीएवी पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. योगेश त्यागी का भी कार्यक्रम में सराहनीय सहयोग रहा। अंत में डॉ. राजीव कुमार के नेतृत्व में राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रीय खेल दिवस के जनपद स्तरीय खेल उत्सव का समापन हुआ।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles