पात्र महिलाओं को हर हाल में मिले सरकारी योजनाओं का लाभ : सपना कश्यप

पात्र महिलाओं को हर हाल में मिले सरकारी योजनाओं का लाभ : सपना कश्यप


मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती सपना कश्यप ने शनिवार को लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में महिला जनसुनवाई एवं समीक्षा बैठक आयोजित कर महिलाओं से जुड़े मामलों की सुनवाई की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र महिलाओं को सरकार द्वारा संचालित सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जाए।
जनसुनवाई के दौरान घरेलू हिंसा, महिला उत्पीड़न, पारिवारिक विवाद, श्रम, पुलिस, समाज कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, आपूर्ति विभाग तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित कुल 16 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इन शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। साथ ही पूर्व में प्राप्त मामलों की भी समीक्षा कर प्रगति की जानकारी ली गई।


कार्यक्रम में पहुंचे सभी आगंतुकों को महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा जागरूकता के उद्देश्य से सूचना पुस्तिकाएं एवं पम्फलेट वितरित किए गए।
जनसुनवाई के बाद राज्य महिला आयोग की सदस्य सपना कश्यप ने खतौली तहसील क्षेत्र के पमनावली स्थित वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया। उन्होंने वृद्धाश्रम में रह रही महिलाओं से बातचीत कर भोजन, आवास, स्वास्थ्य सेवाओं एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान वृद्धाश्रम की प्रबंधक श्रीमती रेखा को निर्देश देते हुए कहा कि वृद्ध महिलाओं के साथ संवेदनशीलता, सम्मान और मानवीय व्यवहार रखा जाए। उन्होंने कहा कि वृद्धजन समाज की धरोहर हैं और उनकी देखभाल करना सभी की जिम्मेदारी है।


निरीक्षण के दौरान वृद्धाश्रम में रह रही महिलाओं ने ढोलक की थाप पर मधुर एवं भावपूर्ण गीत प्रस्तुत किए, जिससे वातावरण भावुक हो उठा। उनकी प्रस्तुति से प्रभावित होकर सपना कश्यप ने गीत गाने एवं ढोलक बजाने वाली वृद्ध महिलाओं को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया।
बैठक में जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुशील कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका डॉ. मुरली भास्कर, एचडीएम सुश्री सबा, डिप्टी जेलर दीपक कुमार, पुलिस उपाधीक्षक सुश्री ऋषिका सिंह, प्रभारी महिला थाना संगीता चौधरी, उपनिरीक्षक ज्योति तोमर, श्रम प्रवर्तन अधिकारी शालू राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक का संचालन बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. राजीव कुमार ने किया। जिला प्रोबेशन कार्यालय की ओर से संरक्षण अधिकारी नीना त्यागी, केंद्र प्रबंधक पूजा नरूला, केस वर्कर प्रियंका उज्ज्वल सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles