लखनऊ में सपा का भाजपा पर हमला, महिला आरक्षण और महंगाई को लेकर उठाए सवाल

लखनऊ में सपा का भाजपा पर हमला, महिला आरक्षण और महंगाई को लेकर उठाए सवाल


लखनऊ। समाजवादी पार्टी शिक्षक सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. सत्येन्द्र पाल पार्टी नेतृत्व के विशेष आमंत्रण पर लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचे और मंच साझा किया अखिलेश यादव के साथ। इस दौरान आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं को वास्तविक आरक्षण देना नहीं चाहती और यह सब एक सोची-समझी रणनीति के तहत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में संसद में आए महिला आरक्षण बिल को सभी दलों ने समर्थन देकर पास कराया था और अब वह कानून बन चुका है, लेकिन भाजपा खुद उसके खिलाफ बयानबाजी कर रही है। उनके अनुसार यह आचरण असंवैधानिक है और संविधान की भावना के खिलाफ है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने महिला आरक्षण संशोधन बिल को ऐसे समय में संसद में लाया जब पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव चल रहे थे, जिससे विपक्षी सांसद चुनावी गतिविधियों से दूर हो जाएं। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा हर मोर्चे पर विफल हो चुकी है और महंगाई व बेरोजगारी से जनता परेशान है, इसलिए मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए ऐसे कदम उठाए जा रहे हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार जनता से लगातार डेटा एकत्र कर रही है, लेकिन सबसे महत्वपूर्ण जातीय जनगणना कराने से बच रही है। उन्होंने भाजपा की विचारधारा को पुरातनपंथी और नकारात्मक बताते हुए कहा कि महिलाओं के अधिकारों को लेकर भाजपा की नीयत साफ नहीं है।
हरदोई की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि एक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला, जबकि उन्होंने प्रशासन के सभी स्तरों पर गुहार लगाई थी। उन्होंने मामले की सीबीआई जांच की मांग करते हुए कहा कि परिवार को आर्थिक सहायता और सुरक्षा प्रदान की जानी चाहिए। वाराणसी की एक घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की आक्रामक नीतियों के कारण लोग कानून को हाथ में ले रहे हैं।
बिजली व्यवस्था पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि स्मार्ट मीटर के जरिए जनता पर आर्थिक बोझ डाला जा रहा है और महिलाएं इसके विरोध में सड़कों पर उतर आई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा गरीबों से पैसा लेकर अमीरों को फायदा पहुंचा रही है।
अखिलेश यादव ने हरदोई में स्थापित पेप्सिको के कारखाने का उदाहरण देते हुए कहा कि सपा सरकार ने औद्योगिक विकास को बढ़ावा दिया था, जबकि भाजपा सरकार इस दिशा में कुछ खास नहीं कर पाई। उन्होंने यह भी कहा कि रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी से महंगाई और बढ़ेगी और आम जनता पर इसका सीधा असर पड़ेगा।
मजदूर दिवस के अवसर पर उन्होंने कहा कि मजदूरों के अधिकारों का हनन किया जा रहा है और नोएडा में श्रमिकों के साथ भेदभाव हो रहा है। सरकार से मांग की गई कि मजदूरों पर दर्ज मुकदमे वापस लिए जाएं और उन्हें उचित वेतन दिया जाए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन विपक्ष एकजुट होकर इसका मुकाबला करेगा। कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles