गोल शॉट बॉल दक्षिण एशिया कप में भारत का परचम, आरव बालियान की शानदार भूमिका

गोल शॉट बॉल दक्षिण एशिया कप में भारत का परचम, आरव बालियान की शानदार भूमिका


शाहपुर। गोल शॉट बॉल दक्षिण एशिया कप प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया है। यह प्रतियोगिता 25 अप्रैल से 27 अप्रैल के बीच श्रीलंका के कोलंबो में आयोजित की गई, जिसमें कई देशों की टीमों ने भाग लिया। भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए एक भी मैच नहीं गंवाया और अंततः खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता के लीग मुकाबलों में भारतीय टीम ने क्रमशः बांग्लादेश, मालदीव और मेजबान श्रीलंका को हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की। फाइनल मुकाबले में भी भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाया और मेजबान श्रीलंका को हराकर स्वर्ण पदक जीत लिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
इस ऐतिहासिक जीत में गांव सोरम निवासी युवा खिलाड़ी आरव बालियान की अहम भूमिका रही। आरव, देहाती फिल्मों के कलाकार अनुज बालियान के पुत्र और सुरेंद्र सिंह के पौत्र हैं। उन्होंने टूर्नामेंट के सभी मुकाबलों में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए टीम को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके खेल कौशल और जुझारू प्रदर्शन की सराहना हर स्तर पर की जा रही है।


ग्रामीण परिवेश से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाने वाले आरव बालियान की सफलता से गांव सोरम में खुशी की लहर दौड़ गई है। उनके पैतृक आवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। परिवारजनों और ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर इस उपलब्धि का जश्न मनाया। उनके बाबा सुरेंद्र सिंह और सत्येंद्र सिंह ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि आरव ने पूरे गांव और देश का नाम रोशन किया है।
भारतीय टीम के स्वदेश लौटने पर दिल्ली एयरपोर्ट पर सीआरपीएफ के डीआईजी द्वारा खिलाड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। खिलाड़ियों को माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया गया, जिससे टीम का उत्साह और बढ़ गया।
वहीं, ओलंपिक संघ के जिला सह सचिव मास्टर रामपाल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि आरव बालियान जल्द ही अपने गांव सोरम पहुंचेंगे। उनके स्वागत की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। गांव में एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें समस्त ग्रामीणों के साथ भारतीय किसान यूनियन के सुप्रीमो चौधरी नरेश टिकैत भी मौजूद रहेंगे और इस उभरते खिलाड़ी को सम्मानित करेंगे।


आरव बालियान की यह सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उनकी उपलब्धि से अन्य युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी और ग्रामीण क्षेत्रों से प्रतिभाओं के उभरने का मार्ग और प्रशस्त होगा।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles