
महिला खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, अस्मिता खेलो इंडिया के तहत जिला स्तरीय हैंडबॉल व वॉलीबॉल प्रतियोगिताएं सम्पन्न
महिला खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, अस्मिता खेलो इंडिया के तहत जिला स्तरीय हैंडबॉल व वॉलीबॉल प्रतियोगिताएं सम्पन्न

मुजफ्फरनगर, 27 अप्रैल। अस्मिता खेलो इंडिया अभियान के अंतर्गत जनपद में महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एस.डी. कॉलेज ऑफ कॉमर्स, मुजफ्फरनगर के खेल प्रांगण में जिला स्तरीय महिला हैंडबॉल एवं वॉलीबॉल प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता उत्तर प्रदेश ओलम्पिक एसोसिएशन के तत्वाधान में जिला मुजफ्फरनगर ओलम्पिक एसोसिएशन द्वारा आयोजित कराई गई, जिसमें जिले की प्रतिभाशाली महिला खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
आयोजन सचिव अजय पाल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को खेलों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ खेलों में उनकी भागीदारी को भी सशक्त बनाते हैं।
वॉलीबॉल प्रतियोगिता में जिले की कुल आठ टीमों—किनौनी क्लब, गोयला क्लब, तावली क्लब, बाऊनवुड एकेडमी, न्यू वॉलीबॉल एकेडमी खतौला, युवा वॉलीबॉल एकेडमी खतौला, शुक्रताल एकेडमी एवं एस.डी. कॉलेज ऑफ कॉमर्स मुजफ्फरनगर—ने भाग लिया। प्रतियोगिता में युवा वॉलीबॉल एकेडमी खतौला ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि एस.डी. कॉलेज ऑफ कॉमर्स की टीम द्वितीय स्थान पर रही। वहीं न्यू वॉलीबॉल एकेडमी खतौला और किनौनी क्लब की टीमों ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया।

हैंडबॉल प्रतियोगिता में चार टीमों—चौधरी चरण सिंह स्टेडियम मुजफ्फरनगर, एस.डी. कॉलेज ऑफ कॉमर्स, आर.के. हैंडबॉल क्लब तथा मोहित हैंडबॉल एकेडमी शुक्रताल—ने भागीदारी की। इसमें चौधरी चरण सिंह स्टेडियम की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। एस.डी. कॉलेज ऑफ कॉमर्स की टीम द्वितीय स्थान पर रही, जबकि आर.के. हैंडबॉल क्लब और मोहित हैंडबॉल एकेडमी शुक्रताल की टीमों को संयुक्त रूप से तृतीय स्थान मिला।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर सहारनपुर मंडल के सचिव अशोक कुमार गुप्ता एवं मां शाकुम्भरी विश्वविद्यालय, सहारनपुर के खेल सचिव डॉ. संदीप गुप्ता ने विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित होकर विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को टी-शर्ट, मेडल, प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि महिला खिलाड़ी आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और ऐसे आयोजनों से उन्हें आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम के अंत में आयोजनकर्ता अंकित धामा ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, निर्णायकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए प्रतियोगिता को सफल बनाने में उनके योगदान की सराहना की। प्रतियोगिता के सफल आयोजन से क्षेत्र में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ी है तथा महिला खिलाड़ियों को एक सशक्त मंच मिला है।











