
सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने पर शाहपुर में जश्न, भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाई खुशी
सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने पर शाहपुर में जश्न, भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाई खुशी

शाहपुर। कस्बे के पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष व भाजपा जिला मंत्री परमेश सैनी के कैंप कार्यालय पर बुधवार को सम्राट चौधरी के बिहार का मुख्यमंत्री बनने पर हर्ष व्यक्त करते हुए एक भव्य जनसभा का आयोजन किया गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कैंप कार्यालय पर एकत्रित हुए और ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी तथा मिठाई वितरण के साथ अपनी खुशी का इजहार किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए परमेश सैनी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक ऐसी पार्टी है, जहां एक सामान्य कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत, लगन और निष्ठा के बल पर उच्च पदों तक पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी का मुख्यमंत्री बनना इसका जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं और पार्टी को और अधिक मजबूत बनाएं।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा में हर कार्यकर्ता को सम्मान मिलता है और उसकी मेहनत का मूल्यांकन भी किया जाता है। यही कारण है कि आज देश और प्रदेश में भाजपा का जनाधार लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनने पर बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में बिहार विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
जनसभा के दौरान कार्यकर्ताओं ने “भारत माता की जय” और “भाजपा जिंदाबाद” के नारों से माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। कार्यक्रम स्थल पर पूरे समय उत्सव जैसा माहौल बना रहा और कार्यकर्ता एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा करते नजर आए।
सभा की अध्यक्षता कृष्ण कुमार प्रजापति ने की, जबकि संचालन पलड़ी प्रधान मोनू सैनी द्वारा किया गया। इस अवसर पर कोऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष विनोद सैनी, प्रजापति समाज के अध्यक्ष प्रदीप प्रजापति, नामदेव समाज के अध्यक्ष सोन नामदेव, सतीश सैनी, नामित सभासद कपिल सैनी, भंवर पाल, मास्टर चतुर्वेदी सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने सम्राट चौधरी के उज्ज्वल नेतृत्व में बिहार के विकास की कामना करते हुए एकजुटता का संदेश दिया।











