
शाहपुर में 25 हजार का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल
शाहपुर में 25 हजार का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल

शाहपुर। थाना शाहपुर पुलिस ने मंगलवार देर रात्रि गश्त के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहपुर में भर्ती कराया गया है।
क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम धनायन मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर चांदपुर की ओर जाने वाले रास्ते पर भागने लगा। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर वह नहीं रुका और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके पर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर का एक देसी तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पूछताछ में घायल बदमाश ने अपना नाम सनजीत पुत्र फूल सिंह निवासी मंडावर, जनपद बिजनौर बताया। पुलिस के अनुसार आरोपी पर विभिन्न थानों में एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। शाहपुर थाने में भी वह चोरी और लूट के दो मामलों में वांछित चल रहा था। वह एक आपराधिक गैंग का सरगना बताया जा रहा है, जिसके पांच साथियों को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी पर शाहपुर थाने से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। घटना के संबंध में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम को क्षेत्राधिकारी ने पीठ थपथपाकर बधाई दी है।











