मुजफ्फरनगर में अन-एडेंटिफाइड उद्योगों से फैल रहे प्रदूषण पर कार्रवाई की मांग, मुख्यमंत्री को भेजा पत्र

मुजफ्फरनगर में अन-एडेंटिफाइड उद्योगों से फैल रहे प्रदूषण पर कार्रवाई की मांग, मुख्यमंत्री को भेजा पत्र


मुजफ्फरनगर । पीजेंट वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष अशोक बालियान ने जनपद में फैल रहे गंभीर वायु प्रदूषण को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर अन-एडेंटिफाइड (अचिह्नित) उद्योगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पत्र के माध्यम से कहा कि जनपद में कई ऐसे उद्योग संचालित हो रहे हैं, जिनकी न तो विधिवत पहचान है और न ही उनके उद्योग स्वरूप, कच्चे माल और उत्पादन की कोई स्पष्ट जानकारी उपलब्ध है।
अशोक बालियान ने बताया कि कुछ उद्योगों पर नाम-पट लगे हुए हैं, जबकि अनेक उद्योग बिना किसी पहचान के ही संचालित किए जा रहे हैं। विशेष रूप से लोहे से संबंधित उद्योगों में भट्टियों से निकलने वाले क्वेल व स्लैग अवशेष को पीसकर पुनः लोहा निकालने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। इस दौरान अत्यंत सूक्ष्म और विषैले कण बड़ी मात्रा में वातावरण में फैल रहे हैं, जिससे वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है।
उन्होंने पत्र में उल्लेख किया कि इस प्रकार का प्रदूषण आम नागरिकों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। बच्चों, बुजुर्गों और श्वसन रोगियों पर इसका सबसे अधिक दुष्प्रभाव पड़ रहा है। पीजेंट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधियों द्वारा हाल ही में वहलना चौक से पीनना बाइपास रोड के आसपास कई ऐसे उद्योग प्रत्यक्ष रूप से चलते हुए देखे गए, जो पर्यावरणीय मानकों का पालन करते प्रतीत नहीं होते।
अशोक बालियान ने मुख्यमंत्री से मांग की कि जनपद में संचालित सभी अन-एडेंटिफाइड उद्योगों का तत्काल सर्वे और भौतिक सत्यापन कराया जाए। यह भी सुनिश्चित किया जाए कि उद्योगों में कौन-सा कच्चा माल प्रयोग किया जा रहा है और क्या उत्पादन हो रहा है। साथ ही प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा वायु गुणवत्ता की जांच कराकर मानकों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाए तथा बिना अनुमति संचालित उद्योगों को तत्काल बंद कराया जाए।
पत्र की प्रतिलिपि जिलाधिकारी एवं जिला प्रदूषण अधिकारी मुजफ्फरनगर को भी भेजी गई है। पीजेंट वेलफेयर एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से जनस्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के लिए शीघ्र प्रभावी कदम उठाने की अपेक्षा जताई है।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles