मुजफ्फरनगर में भीषण सड़क हादसा, रोडवेज बस ने दो बाइकों को रौंदा एक बच्चे समेत चार की मौके पर मौत, एक गंभीर घायल; हादसे के बाद चालक बस छोड़कर फरार

मुजफ्फरनगर में भीषण सड़क हादसा, रोडवेज बस ने दो बाइकों को रौंदा

एक बच्चे समेत चार की मौके पर मौत, एक गंभीर घायल; हादसे के बाद चालक बस छोड़कर फरार

बुढ़ाना। मुजफ्फरनगर जनपद के बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के गांव भैसाना में बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे तेज रफ्तार रोडवेज बस ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। भीषण सड़क हादसे में एक मासूम बच्चे समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण तथा राहगीर घटनास्थल पर जमा हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रोडवेज बस तेज गति से आ रही थी। इसी दौरान चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस ने सामने चल रही दो बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइकों पर सवार लोग सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में बच्चे सहित चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद रोडवेज बस चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था की। सूचना मिलते ही बुढ़ाना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त रोडवेज बस और दोनों बाइकों को कब्जे में ले लिया है। मृतकों की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी तथा पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं गंभीर रूप से घायल व्यक्ति का उपचार कराया जा रहा है।

पुलिस फरार बस चालक की तलाश में जुट गई है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस द्वारा घटनास्थल की जांच की जा रही है। दुर्घटना के बाद गांव भैसाना में गमगीन माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि मृतकों की पहचान और तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles