राष्ट्रीय पोषण माह-2026 का भव्य शुभारंभ “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” थीम के साथ राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ

राष्ट्रीय पोषण माह-2026 का भव्य शुभारंभ
“हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” थीम के साथ राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ


मुजफ्फरनगर। “पोषण अभियान—सही पोषण, देश रोशन” एवं “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” की थीम के साथ बुधवार को 9वें राष्ट्रीय पोषण माह-2026 का जनपद स्तरीय भव्य शुभारंभ विकास भवन सभागार में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में प्रशासक जिला पंचायत डॉ. वीरपाल निर्वाल तथा मीरापुर विधायक प्रतिनिधि सुप्रिया पाल की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
वाराणसी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण विकास भवन सभागार में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से किया गया। उपस्थित अतिथियों एवं अधिकारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन को देखा और सुना। वाराणसी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी द्वारा राष्ट्रीय पोषण माह के 9वें संस्करण का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी दिग्विजयनाथ तिवारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी सुशील कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं ने मानदेय में वृद्धि किए जाने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताया।


राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय 8 हजार रुपये से बढ़ाकर 12 हजार रुपये तथा सहायिकाओं का मानदेय 4 हजार रुपये से बढ़ाकर 6 हजार रुपये करने की घोषणा की है। इसके साथ ही साड़ी के लिए 500 रुपये की सहायता तथा कैशलेस चिकित्सा स्वास्थ्य सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं स्वयं को केवल किसी संस्था से जुड़ा कर्मचारी न मानकर निष्ठावान सरकारी सेवक के रूप में कार्य करें और देश के बच्चों के सुनहरे भविष्य को संवारने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।


उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार महिलाओं, बेटियों और बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा एवं आत्मनिर्भरता के लिए लगातार कार्य कर रही है। जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से राष्ट्रीय पोषण माह को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
डॉ. वीरपाल निर्वाल एवं सुप्रिया पाल ने भी विचार व्यक्त करते हुए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक घर-घर जाकर गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, बच्चों तथा किशोरियों को बेहतर पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. राजीव कुमार ने किया। इस दौरान जिला विकास अधिकारी दिग्विजयनाथ तिवारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुशील कुमार, संतोष, बाल विकास परियोजना अधिकारी, मुख्य सेविकाएं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं मौजूद रहीं।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles