
पति व उसके साथियों पर मारपीट व जान से मारने की धमकी का आरोप, पीड़िता ने पुलिस से की कार्रवाई की मांग
पति व उसके साथियों पर मारपीट व जान से मारने की धमकी का आरोप, पीड़िता ने पुलिस से की कार्रवाई की मांग
शाहपुर। थाना क्षेत्र के गांव सोरम निवासी एक महिला ने अपने पति व उसके साथियों पर घर में घुसकर मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने इस संबंध में थाने पर तहरीर देकर पुलिस से आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
गांव सोरम निवासी मुनाजरा ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसके चार बच्चे हैं और वह लंबे समय से अपनी ही ससुराल में अपने मायके जैसे हालात में बच्चों के साथ रह रही है। पीड़िता का आरोप है कि उसका पति शहजाद करीब एक वर्ष पूर्व एक युवती को लेकर घर से फरार हो गया था। इस दौरान उसने परिवार की कोई सुध नहीं ली और न ही बच्चों की जिम्मेदारी निभाई।
पीड़िता ने बताया कि सोमवार को उसका पति शहजाद अपने कुछ साथियों के साथ दो गाड़ियों में सवार होकर अचानक गांव में उसके घर पहुंचा। आरोप है कि पति व उसके साथियों ने जबरन घर में घुसकर उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की नीयत से उस पर हमला कर दिया। इस हमले में मुनाजरा को गंभीर चोटें आईं। महिला का कहना है कि मारपीट के दौरान उसके पति ने उसे धमकी देते हुए कहा कि अब वह इसी घर में रहेगा और वह अपने बच्चों को लेकर घर खाली कर कहीं और चली जाए।
पीड़िता के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। ग्रामीणों ने घायल महिला को संभाला और घटना की जानकारी पुलिस को दी। पीड़िता का आरोप है कि यदि समय रहते लोग मौके पर नहीं पहुंचते तो उसके साथ कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी।
महिला ने पुलिस से मांग की है कि उसके पति सहित सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि उसे और उसके बच्चों को न्याय मिल सके तथा भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो। पीड़िता ने यह भी कहा कि उसे अपने और अपने बच्चों की जान का खतरा बना हुआ है।
इस संबंध में पुलिस का कहना है कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के उपरांत आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











