
जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के 105वें स्थापना दिवस पर योगा शिक्षक इमरान खान हुए सम्मानित
जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के 105वें स्थापना दिवस पर योगा शिक्षक इमरान खान हुए सम्मानित
नई दिल्ली। जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय में शुक्रवार को 105वां स्थापना दिवस बड़े ही उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें देशभर से आए विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में शाहपुर क्षेत्र के गांव कसेरवा निवासी व विश्वविद्यालय के योगा शिक्षक इमरान खान के नेतृत्व में छात्रों ने अनूठे योगासन प्रदर्शन से सभी का मन मोह लिया। छात्रों द्वारा प्रस्तुत किए गए सटीक योग आसनों और सामूहिक समन्वय ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उपस्थित अतिथियों और शिक्षकों ने इस अद्वितीय प्रस्तुति की सराहना की।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर मजहर आसिफ ने योगा शिक्षक इमरान खान को अंग वस्त्र भेंट कर और प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इमरान खान ने योग के क्षेत्र में विश्वविद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर ऊंचा किया है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अनेक प्रोफेसर, अधिकारी, छात्र और कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।











