
पलड़ी में भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ
पलड़ी में भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ
![]()
शाहपुर। क्षेत्र के गांव पलड़ी में प्राचीन शिव मंदिर प्रांगण में भव्य संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पंचायत सदस्य विजय चौधरी ने फीता काटकर किया। कथा के प्रथम दिन यजमान समाजसेवी मनोज सैनी सपत्नी सीमा सैनी रहे। शुभारंभ से पूर्व महिलाओं द्वारा विशाल कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए।
कथा व्यास दास श्याम सुंदर महाराज ने विधिवत पूजा-अर्चना के उपरांत कथा का प्रारंभ करते हुए श्रीमद्भागवत का महत्व बताया। उन्होंने भक्ति माता की कथा सुनाते हुए कहा कि नारद मुनि ने एक युवती के दो वृद्ध पुत्रों — ज्ञान और वैराग्य — को पुनः युवा अवस्था प्रदान की। उन्होंने बताया कि भक्ति सदैव सादगी में जन्म लेती है और जहां ऊंच-नीच, जात-पात का भेद नहीं होता, वहीं उसका सम्मान होता है।
दास श्याम सुंदर महाराज ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा मानव जीवन में भक्ति, ज्ञान, वैराग्य और त्याग का संदेश देती है। जीवन में सफलता और मोक्ष की प्राप्ति के लिए इसका श्रवण आवश्यक है। कथा के भावपूर्ण प्रसंगों से श्रोतागण मंत्रमुग्ध हो गए।
कार्यक्रम में प्राचीन शिव मंदिर समिति के अध्यक्ष पंकज सैनी, संजय सैनी, बाबूराम चेयरमैन, राजपाल सैनी, मोनू सैनी, पाल्ला कश्यप, सोमपाल कश्यप, जयभगवान प्रजापति सहित सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे।












