
गांधी-शास्त्री जयंती पर विद्यार्थियों ने लिया राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प शाहपुर। अमर नायक स्वामी राहुल सिंह राष्ट्रीय इंटर कॉलेज, शाहपुर में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती धूमधाम एवं श्रद्धाभाव
गांधी-शास्त्री जयंती पर विद्यार्थियों ने लिया राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प

शाहपुर। अमर नायक स्वामी राहुल सिंह राष्ट्रीय इंटर कॉलेज, शाहपुर में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती धूमधाम एवं श्रद्धाभाव के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
इस अवसर पर कॉलेज प्रबंधक चमन सिंह ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। प्रधानाचार्य डॉ. त्रिवेंद्र कुमार ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और त्याग के माध्यम से देश को नई दिशा दी, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का आदर्श प्रस्तुत किया। उन्होंने विद्यार्थियों से दोनों महापुरुषों के जीवन मूल्यों को आत्मसात करते हुए जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।

जयंती के अवसर पर विद्यालय में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं ने भाषण प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता एवं चित्रकला प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, विचारों तथा देश के प्रति उनके योगदान को सामने रखा।


इसके साथ ही विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने पूरे मनोयोग से सहभागिता करते हुए स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान विद्यार्थियों को स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्य डॉ. त्रिवेंद्र कुमार ने सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महापुरुषों की जयंती तभी सार्थक है, जब हम उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारकर समाज और राष्ट्रहित में सकारात्मक योगदान दें।











