आजादी के पर्व पर सेंट्रल बैंक भवन पर तिरंगा न फहराने से उठे सवाल
आजादी के पर्व पर सेंट्रल बैंक भवन पर तिरंगा न फहराने से उठे सवाल

शाहपुर। शनिवार को देश आजादी की 80वीं वर्षगांठ पूरे उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मना रहा है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पिछले कई दिनों से विभिन्न सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों और संस्थाओं द्वारा तिरंगा यात्राएं निकालकर लोगों को राष्ट्रभक्ति के इस पर्व को उत्साहपूर्वक मनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। शनिवार को सरकारी भवनों, विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों के साथ-साथ निजी भवनों पर भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया।
इसी बीच कस्बे के मेन रोड स्थित सेंट्रल बैंक भवन पर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराए जाने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। बैंक भवन पर तिरंगा नहीं दिखाई देने पर आसपास के दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय लोगों ने इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू कर दीं।
लोगों का कहना है कि बैंक के ठीक बराबर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा के भवन पर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा शान से फहराया गया, जबकि बगल में संचालित सेंट्रल बैंक भवन पर राष्ट्रीय ध्वज नहीं लगाया गया। ऐसे में लोगों के बीच बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यशैली को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस केवल सरकारी संस्थानों का पर्व नहीं, बल्कि प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव और राष्ट्रीय सम्मान का दिन है। ऐसे महत्वपूर्ण अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने को लेकर सभी संस्थानों को अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करना चाहिए।
कस्बे के जिम्मेदार लोगों ने शासन-प्रशासन तथा बैंक के उच्च अधिकारियों से पूरे मामले का संज्ञान लेने और यह पता लगाने की मांग की है कि सेंट्रल बैंक भवन पर तिरंगा क्यों नहीं फहराया गया। लोगों ने मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय करने तथा यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।











