शाहपुर-खतौली मार्ग पर सड़क धंसने से डस्ट से भरा 14 टायरा ट्रक नाले में पलटा, चालक-परिचालक बाल-बाल बचे

शाहपुर-खतौली मार्ग पर सड़क धंसने से डस्ट से भरा 14 टायरा ट्रक नाले में पलटा, चालक-परिचालक बाल-बाल बचे


शाहपुर। गुरुवार देर रात्रि लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच शाहपुर-खतौली मार्ग पर बड़ा हादसा हो गया। डस्ट (रेत) से भरा एक 14 टायरा ट्रक अचानक सड़क धंसने के कारण अनियंत्रित होकर नाले में जा पलटा। हादसे में ट्रक चालक और क्लीनर की जान बाल-बाल बच गई, जबकि ट्रक को भारी क्षति पहुंची और लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। दुर्घटना के बाद शाहपुर-खतौली मार्ग पर यातायात काफी देर तक बाधित रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हरियाणा से डस्ट लेकर आ रहा 14 टायरा ट्रक सोरम स्थित नाले के पुल निर्माण कार्य के लिए सामग्री लेकर शाहपुर की ओर से आ रहा था। ट्रक जैसे ही शाहपुर थाने से कुछ आगे पहुंचा, तभी सामने से आ रही एक कार को बचाने के प्रयास में चालक ने ट्रक को सड़क के किनारे की ओर मोड़ा। इसी दौरान हाल ही में निर्मित सड़क का किनारा अचानक धंस गया, जिससे ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे सड़क किनारे बने नाले में जा गिरा।
ट्रक के नाले में पलटते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और चालक तथा क्लीनर को सुरक्षित बाहर निकाला। दोनों को मामूली चोटें आईं, लेकिन किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही ट्रक स्वामी भी मौके पर पहुंच गए। समाचार लिखे जाने तक क्रेन की सहायता से ट्रक को नाले से बाहर निकालने का प्रयास जारी था। ट्रक के पलटने से सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिसके चलते काफी समय तक यातायात प्रभावित रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले 48 घंटे से क्षेत्र में लगातार भारी वर्षा हो रही है, जिससे कई स्थानों पर नई बनी सड़कों का किनारा धंस गया है। लोगों का आरोप है कि यदि सड़क निर्माण कार्य गुणवत्ता के अनुरूप हुआ होता तो इतनी जल्दी सड़क नहीं धंसती। वहीं कुछ लोग लगातार हो रही बारिश को भी इस घटना का प्रमुख कारण मान रहे हैं।
हादसे के बाद सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles