शाहजुड्डी में लापता युवक का शव जंगल में मिला, हत्या की आशंका से सनसनी
शाहजुड्डी में लापता युवक का शव जंगल में मिला, हत्या की आशंका से सनसनी

शाहपुर। थाना क्षेत्र के गांव शाहजुड्डी में शनिवार देर शाम से लापता एक युवक का शव रविवार को गांव के जंगल में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजनों और ग्रामीणों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। एसपी देहात सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी लेकर शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए।

जानकारी के अनुसार गांव शाहजुड्डी निवासी मेहर सिंह का लगभग 28 वर्षीय पुत्र रोहित उपाध्याय शनिवार देर शाम से लापता था। परिजनों के अनुसार रोहित शनिवार को अपने दो वर्षीय पुत्र सरस के जन्मदिन समारोह में परिवार के साथ शामिल था। घर में खुशी का माहौल था और सभी परिजन जन्मदिन मना रहे थे। इसी दौरान रोहित के मोबाइल फोन पर किसी का कॉल आया, जिसके बाद वह घर से बाहर चला गया। देर रात तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू कर दी।
परिजनों ने रात भर और रविवार सुबह तक रिश्तेदारों तथा आसपास के क्षेत्रों में रोहित की खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद रविवार सुबह परिजन और ग्रामीण शाहपुर थाने पहुंचे और पुलिस को युवक के लापता होने की सूचना दी। पुलिस ने भी परिजनों के साथ मिलकर उसकी तलाश शुरू की, लेकिन दोपहर तक कोई सफलता नहीं मिली।

रविवार दोपहर बाद पुलिस को सूचना मिली कि गांव के जंगल में रजबहे के पास एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लापता युवक के परिजनों को बुलाया गया। मौके पर पहुंचकर परिजनों ने शव की पहचान रोहित उपाध्याय के रूप में की। शव की शिनाख्त होते ही परिवार में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर एकत्र हो गए।

ग्रामीणों का कहना है कि शव की स्थिति देखकर प्रथम दृष्टया गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका प्रतीत हो रही है। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक का मोबाइल फोन शव मिलने के स्थान से लगभग 50 मीटर दूर पड़ा मिला, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मोबाइल की कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है। इनमें करीब सात वर्षीय पुत्री, पांच वर्षीय दिव्यांग पुत्र मांगा तथा दो वर्षीय पुत्र सरस शामिल हैं। रोहित की असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता मेहर सिंह ने बताया कि उनके तीन पुत्र और चार पुत्रियां हैं। चारों पुत्रियों का विवाह हो चुका है। बड़े पुत्र नितिन और रोहित विवाहित थे, जबकि सबसे छोटा पुत्र लालू अभी अविवाहित है।
घटना की सूचना पर सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। वहीं एसपी देहात अक्षय संजय महादिक भी शाहपुर थाने पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से मामले की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने पुलिस को हर पहलू से जांच कर जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए।
एसपी देहात ने बताया कि अभी तक मृतक के परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है। टीमों को तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच कर जल्द से जल्द घटना का पर्दाफाश करने के निर्देश दिए गए हैं।
फिलहाल पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। उधर गांव में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने पुलिस से शीघ्र घटना का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।











