
विश्व एथलेटिक्स दिवस पर बालिका दौड़ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन, विजेता छात्राएं सम्मानित
विश्व एथलेटिक्स दिवस पर बालिका दौड़ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन, विजेता छात्राएं सम्मानित

मुज़फ्फरनगर, 07 मई। विश्व एथलेटिक्स दिवस 2026 के अवसर पर कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, नगर क्षेत्र मुज़फ्फरनगर में बालिका दौड़ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशन तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी के मार्गदर्शन में डॉ. राजीव कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान पर सृष्टि, द्वितीय स्थान पर निशा तथा तृतीय स्थान पर सृष्टि रहीं। विजेता बालिकाओं को सम्मानित करते हुए अतिथियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और अन्य छात्राओं को भी खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर डॉ. राजीव कुमार ने कहा कि विश्व एथलेटिक्स दिवस केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि स्वास्थ्य, अनुशासन और सामाजिक समानता का संदेश देने वाला महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने कहा कि खेल बच्चों और युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं तथा उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और अनुशासन विकसित करते हैं। उन्होंने बालिकाओं को भारत की महान महिला एथलीटों “पय्योली एक्सप्रेस” पी. टी. उषा, स्टार स्प्रिंटर दुती चंद तथा “ढिंग एक्सप्रेस” हिमा दास से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि आज के समय में बच्चों का शारीरिक रूप से सक्रिय रहना अत्यंत आवश्यक है। नियमित व्यायाम और खेल गतिविधियां न केवल शरीर को स्वस्थ रखती हैं, बल्कि मानसिक तनाव को भी कम करती हैं और जीवन को सकारात्मक ऊर्जा से भर देती हैं। एथलेटिक्स जैसे खेल बच्चों में प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ-साथ टीम भावना और धैर्य भी विकसित करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक समानता और समावेशिता पर भी विशेष बल दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि खेल का मैदान ऐसा स्थान है जहां जाति, धर्म, भाषा या आर्थिक स्थिति का कोई भेदभाव नहीं होता। यहां केवल प्रतिभा, मेहनत और अनुशासन को महत्व दिया जाता है। खेल समाज में एकता, भाईचारे और आपसी सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं।
विद्यालय की वार्डन सुश्री बबिता एवं समस्त स्टाफ का कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान रहा। छात्राओं और शिक्षकों में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजन के अंत में सभी प्रतिभागियों को खेलों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।











