द स्काइलैंड स्कूल में धूमधाम से मनाया गया बसंत पंचमी का पर्व

द स्काइलैंड स्कूल में धूमधाम से मनाया गया बसंत पंचमी का पर्व

शाहपुर। द स्काइलैंड स्कूल में बसंत पंचमी का पावन पर्व श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्या की देवी माँ सरस्वती की विधिवत पूजा-अर्चना से हुआ। इस अवसर पर विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर दिखाई दिया। सभी छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक पीली वेशभूषा में विद्यालय पहुंचे, जिससे पूरे विद्यालय में बसंत ऋतु की सुंदर छटा बिखर गई।


कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष सरसों के फूल, चने की दाल एवं पुष्प अर्पित कर पूजा की। बच्चों ने माँ सरस्वती से यही कामना की कि वे सभी को अज्ञान के अंधकार से निकालकर ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाएं। पूजा के उपरांत सामूहिक रूप से माँ सरस्वती की आरती की गई, जिसमें सभी शिक्षकों एवं छात्रों ने श्रद्धापूर्वक भाग लिया।


इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक राहुल गोयल एवं मनोज गोयल ने विद्यार्थियों को बसंत पंचमी पर्व के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बसंत पंचमी न केवल ऋतु परिवर्तन का प्रतीक है, बल्कि यह ज्ञान, विद्या, कला और संस्कारों का भी पर्व है। यह दिन हमें शिक्षा के महत्व को समझने और जीवन में सदैव सीखते रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे माँ सरस्वती की कृपा से अपने जीवन में ज्ञान, अनुशासन और सदाचार को अपनाएं तथा समाज और देश के लिए एक आदर्श नागरिक बनें।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से बसंत पंचमी की महिमा को दर्शाया। विद्यालय प्रशासन द्वारा कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षकों का विशेष योगदान रहा। संपूर्ण आयोजन अनुशासन, श्रद्धा और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसे विद्यार्थियों ने लंबे समय तक यादगार बताया।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles