
सोरम में विशाल निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, 400 मरीजों की हुईं मुफ्त जांचें
सोरम में विशाल निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, 400 मरीजों की हुईं मुफ्त जांचें

शाहपुर क्षेत्र के ऐतिहासिक गांव सोरम में स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सहायता एकता समिति एवं मुज़फ्फरनगर मेडिकल के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल निशुल्क स्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ पूर्व मंत्री चौधरी योगराज सिंह ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।

पूर्व मंत्री चौधरी योगराज सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर समय-समय पर आयोजित होते रहने चाहिए, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने सहायता एकता समिति की पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि समिति समाजहित में सराहनीय कार्य कर रही है और इसके सदस्य बधाई के पात्र हैं।
शिविर में लगभग 400 मरीजों का पंजीकरण कर उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। मरीजों की ब्लड प्रेशर, शुगर, आंख, हड्डी, सामान्य रोग सहित दर्जनों प्रकार की जांचें निशुल्क की गईं। चिकित्सकों ने मरीजों को बीमारियों से बचाव एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में परामर्श दिया। साथ ही शिविर में ब्लड बैंक कैंप का भी आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। रक्तदान करने वालों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सहायता एकता समिति के अध्यक्ष फुरकान चौधरी ने कहा कि समिति का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाकर स्वस्थ समाज का निर्माण करना है।
इस अवसर पर वकील खान, डॉ. शमशाद चौधरी, अभिषेक चौधरी , अकील सिद्दीकी, नदीम राशिद सिद्दीकी, कामिल चौधरी, माजिद अंसारी, खालिद मास्टर, नरेश कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।











