
बारात लौटने पर दो पक्षों में हिंसक संघर्ष, 19 नामजद व एक अज्ञात पर मुकदमा, एक आरोपी गिरफ्तार
बारात लौटने पर दो पक्षों में हिंसक संघर्ष, 19 नामजद व एक अज्ञात पर मुकदमा, एक आरोपी गिरफ्तार
शाहपुर। क्षेत्र के गांव बसीकलां में रविवार देर शाम बारात के वापस लौटने के बाद दो पक्षों में हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस मामले में एक पक्ष की ओर से थाने में तहरीर देकर 19 लोगों को नामजद करते हुए एक अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नामजद आरोपी को हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
थाना क्षेत्र के गांव बसीकलां निवासी सलीम ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि रविवार को उसके भाई अकरम की बारात खतौली गई थी। देर शाम जब बारात खुशी-खुशी गांव वापस लौटी तो परिजन व रिश्तेदार विवाह की खुशी में जश्न मना रहे थे। इसी दौरान गांव के ही दूसरे पक्ष के सलमान, जाजू, आशू व शादाब वहां पहुंचे और विरोध करने लगे। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
जब सलीम के परिजनों इरशाद सहित अन्य लोगों ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने अपने और साथियों को मौके पर बुला लिया। बताया गया कि कुछ ही देर में कई लोग लाठी-डंडे और सरिया लेकर वहां पहुंच गए और एक राय होकर हमला कर दिया। इस हमले में इरशाद, शानू सहित कई लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने मारपीट के साथ-साथ उनके घर में घुसकर तोड़फोड़ भी की। आरोपियों ने दहेज में मिला घरेलू सामान और एक स्विफ्ट कार को लाठी-डंडों से बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के दौरान शोर-शराबा सुनकर गांव के कई लोग मौके पर एकत्र हो गए, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और पीड़ित की तहरीर के आधार पर 19 नामजद आरोपियों तथा एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस ने बताया कि नामजद आरोपियों में से इरशाद उर्फ सादू को एक सरिया के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है। थाना प्रभारी के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और शीघ्र ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस सतर्कता बरत रही है।











